Connect with us

Delhi

दिल्ली में बढ़ेगा तापमान अच्छी बारिश की संभावना नहीं, बस एक बात देगी राहत, कैसे रहेंगे 6 दिन?

Published

on

दिल्ली में बढ़ेगा तापमान अच्छी बारिश की संभावना नहीं, बस एक बात देगी राहत, कैसे रहेंगे 6 दिन?


Delhi Mausam: दिल्ली में अगले छह दिनों तक जोरदार बारिश के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली के साथ साथ एनसीआर के इलाकों में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी देखी जाएगी। कैसे रहेंगे 6 दिन?

मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली-एनसीआर के इलाकों में अब अच्छी बारिश की संभावना मामूली है। मौसम विभाग ने दिल्ली के साथ एनसीआर के इलाकों में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी के संकेत भी दिए हैं। IMD की मानें तो दिल्ली के साथ एनसीआर के इलाकों में अगले तीन से चार दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में दो-चार डिग्री सेल्सियस तक का इजाफा होने का अनुमान है। हालांकि इस दौरान दिल्ली में आंशिक तौर पर बादल छाए रह सकते हैं। यही नहीं नमी कम होने से लोगों को पहले जैसी गर्मी का अहसास नहीं होगी।

अगस्त और सितंबर में कितनी बारिश?

इस मानसून सीजन में राजधानी दिल्ली में अच्छी बरसात रिकार्ड की गई है। सितंबर के महीने में भी सामान्य से 59 फीसदी ज्यादा बारिश हुई है। दिल्ली के सफदरजंग मौसम केन्द्र में सितंबर के महीने में आमतौर पर 121.3 मिलीमीटर बारिश होती है। लेकिन, इस बार अभी तक 192.5 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। इससे पहले अगस्त के महीने में भी सामान्य से 67 फीसदी ज्यादा बारिश दर्ज की गई थी।

अच्छी बारिश की संभावना नहीं

आमतौर पर दिल्ली में अब तक मानसून की वापसी हो जाती है। लेकिन, इस बार देश में मानसून की विदाई देर से शुरू हुई है। इसके चलते अभी भी दिल्ली में मानसून की परिस्थितियां बनी हुई है। हालांकि, अब दिल्ली एनसीआर के इलाकों में अच्छी बारिश की संभावना नहीं है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिनों तक आसमान में हल्के बादल छाए रह सकते हैं जबकि, इसके बाद दिन के समय तेज धूप निकलेगी।

यह एक बात देगी राहत

हालांकि, नमी के कम होने के चलते अब लोगों को पहले जैसी गर्मी का अहसास नहीं होगा। दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में शनिवार दिन का अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो सामान्य से एक डिग्री कम है जबकि, न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि सामान्य से दो डिग्री ज्यादा है। यहां पर आर्द्रता का स्तर 85 से 62 फीसदी तक रहा।

बढ़ेगा तापमान

रविवार को अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिन में आंशिक तौर पर बादल छाए रह सकते हैं। 30 सितंबर और पहली अक्टूबर को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा सकता है। दो अक्टूबर से आसमान पूरी तरह साफ होगा और तेज धूप निकलेगी। इससे 2 और 3 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा सकता है। हालांकि 4 अक्टूबर को इसमें थोड़ी कमी देखी जा सकती है।

मॉनसून के विदा होने की संभावना

मौसम विभाग के मुताबिक मानसून की रेखा लगातार पश्चिमी राजस्थान और गुजरात के कच्छ इलाके से नीचे की तरफ खिसकती जा रही है। 23 सितंबर को पश्चिमी राजस्थान और कच्छ से मानसून की विदाई शुरू हुई थी। अब यह रेखा फिरोजपुर, सिरसा, चुरू, अजमेर, माउंट आबू, दीसा, सुरेन्द्र नगर और जूनागढ़ में खिसक आई है। अगले चार-पांच दिनों में दिल्ली से भी मॉनसून के विदा होने की संभावना है।

दिल्ली एनसीआर के इलाकों में अब बारिश नहीं होने से एक्यूआई में इजाफा हो सकता है। हालांकि अब तक मौसम की गतिविधियों के चलते दिल्ली की हवा साफ-सुथरी बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक शनिवार दिन का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 67 के अंक पर रहा। इस स्तर की हवा को संतोषजनक स्तर पर रखा जाता है।



Source link

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement