Delhi
यति नरसिंहानंद के बयान से गाजियाबाद में तनाव, बढ़ाई गई डासना मंदिर की सुरक्षा

डासना देवी मंदिर के महंत यति नरसिंहानंद के विवादित बयान के विरोध और महंत की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आज कलेक्ट्रेट में होने वाले प्रदर्शन संगठनों ने पुलिस के आग्रह पर वापस ले लिए हैं। बावजूद इसके एहतियात के तौर पर कलेक्ट्रेट पर भारी पुलिस मौजूद है। डसना के देवी मंदिर की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। एडिशनल सीपी के नेतृत्व में भारी पुलिस फोर्स डासना मंदिर पर भी तैनात है। डासना के देवी मंदिर पर कल रात विरोध प्रदर्शन करने वाले अज्ञात डेढ़ सौ से 200 लोगों पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
महंत के शिष्य छोटे यति ने कल जो विवादित वीडियो जारी किया था, उसके आधार पर धार्मिक भावनाएं भड़काने के आरोप में छोटे यति और वीडियो में उसके साथ खड़े तीन साधुओं के खिलाफ भी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
हिंदी भवन में हुए एक कार्यक्रम में डासना स्थित देवी मंदिर के महंत यति नरसिंहानंद द्वारा दिए गए विवादित बयान के विरोध में शुक्रवार देर शाम कई स्थानों पर प्रदर्शन हुए। इस दौरान विशेष समुदाय के लोगों ने बयान की कड़ी निंदा की। वहीं, महंत के समर्थक भी हमलावर मुद्रा में हैं। छोटे यति अनिल यादव ने एक वीडियो जारी कर इसकी निंदा की और प्रदर्शन की चेतावनी दी। हालांकि, हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
महंत यति नरसिंहानंद के विवादित बयान को लेकर शुक्रवार देर रात डासना स्थित देवी मंदिर पर एक समुदाय से जुड़े कुछ लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिस बल ने सभी को भगा दिया। एडिशनल कमिश्नर दिनेश कुमार पी ने कहा कि इस तरह से जो लोग विरोध-प्रदर्शन करेंगे, उनके खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई होगी। गाजियाबाद डासना देवी मंदिर के महंत यति नरसिंहानंद के विरोध में शुकवार शाम को कैला भट्टा में विरोध प्रदर्शन हुआ। यहां बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने यति के बयान पर विरोध जताया। इसके अलावा शुक्रवार को हरिद्वार जिले में कलियर नगर पंचायत के लोगों ने प्रदर्शन किया। इसके बाद पुलिस को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा और तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। उधर, पथरी में लोगों ने महंत यति नरसिंहानंद के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद भारी संख्या में लोग झंडा चौक पर एकत्र हुए और नरसिंहानंद के खिलाफ प्रदर्शन किया। उसके बाद पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। इसके अलावा मेरठ, बुलंदशहर-हापुड़ और कैराना में भी जगह-जगह विरोध-प्रदर्शन हुए। जमीयत उलमा-ए-हिंद के पदाधिकारियों ने ज्ञापन सौंपकर गिरफ्तारी की मांग की है।
यति नरसिंहानंद की गिरफ्तारी मांग
डासना देवी मंदिर के महंत यदि नरसिंहानंद के खिलाफ मुस्लिम समाज के लोगों ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। समाज के लोगों ने आरोप लगाया कि यदि नरसिंहानंद ने मुस्लिम समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। हजरत मोहम्मद साहब के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करके उन्होंने शांति और सौहार्द को गंभीर खतरा पहुंचाने का प्रयास किया है। लोगों ने कहा कि भारत हमेशा विविधताओ में एकता का प्रतीक रहा है। जहां विभिन्न धर्म और समुदाय के लोग मिलजुल कर रहते हैं। ऐसे में यति नरसिंहानंद द्वारा एक विशेष समुदाय के नवी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी से विशेष समुदाय समाज के बीच द्वेष की भावना पैदा होती है। लोगों ने मांग की कि ऐसे व्यक्ति के खिलाफ सबसे सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। समाज के लोगों ने यति नरसिंहानंद को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। इसके साथ ही उनके खिलाफ फास्ट ट्रैक में मुकदमा चलाने और उन्हें फांसी की सजा देने की भी मांग की। प्रदर्शन करने वालों में आफताब तोमर, अहमद खान, इफ्तार अली, मोहम्मद आदिल, मोहम्मद अंसारी, मोमिन खान, आसिफ अली आदि बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।