Punjab
Congress MLA reached the assembly with a sack on his head said come to pay off the governments debt – सिर पर बोरा लादकर विधानसभा पहुंच गए कांग्रेस विधायक, बोले
ऐप पर पढ़ें
पंजाब विधानसभा में आज राज्य का बजट पेश हो रहा है। इससे पहले कांग्रेस विधायक राज कुमार चब्बेवाल सिर पर बोरा लादकर विधानसभा पहुंच गए। वहां मौजूद पत्रकारों ने जब उनसे इसबारे में सवाल किया तो उन्होंने कहा कि वह पंजाब सरकार पर कर्ज का बोझ उतारने आए हैं। सरकार ने वादा कर्ज कम करने का किया था लेकिन कर्ज लगातार बढ़ता चला जा रहा है। बता दें कि एक दिन पहले ही विधानसभा में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के विधायकों के बीच हाथापाई तक की नौबत आ गई थी। वहीं सीएम भगवंत मान और कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा ने एक दूसरे पर तीखे हमले किए थे।
विधानसभा पहुंचे चब्बेवाल ने कहा, बड़े अफसोस की बात है ये लोग रोज का 100 करोड़ रुपये कर्च लेते हैं। दो साल में पंजाब पर 70 हजार करोड़ का कर्ज हो गया। केंद्र सरकार का मिशन है 5 ट्रिलियन इकॉनमी। इसी तरह इनका मिशन कर्ज को पांच लाख करोड़ करना है। अगले तीन साल में पांच लाख करोड़ का कर्ज हो जाएगा।
वहीं पंजाब के वित्तर मंत्री हरपाल चीमा विधानसभा में बजट पेश कर रहे हैं। सोमवार को हुए हंगामे को लेकर एक बार फिर नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने मान सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विधायक सुखविंदर कोटली के साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया वह बहुत ही गलत था। उन्होंने कहा कि महिलाओं को नकदी देना केवल ड्रामा है। पंजाब सरकार पर कर्ज बहुत ज्यादा बढ़ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भगवंत मान ने गरीबों का अपमान किया है और उन्हें कोटली से भी माफी मांगनी चाहिए।
बता दें कि बजट सत्र के शुरुआत में ही राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान कांग्रेस विधायकों ने जमकर हंगामा किया था। सदन में मुर्दाबाद के नारे भी लगाए गए थे। इसके चलते राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने अपना अभिभाषण जल्दी खत्म कर दिया और सदन से चले गए। इसी मामले को लेकर सोमवार को सदन में बहस शुरू हुई थी। लेकिन यह बहस निजी हमलों पर चली गई। प्रताप बाजवा और भगवंत मान के बीच नौबत तूतू-मैंमें की आ गई। दोनों ने एक दूसरे पर जमकर निजी हमले किए। वहीं बाजपा ने मान को चुनौती दे दी कि अगर दम है तो वे उनके खिलाफ लोकसभा चुनाव में मैदान में आ जाएं।