दिल्ली : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिल्ली के रिठाला विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी श्री कुलवंत राणा (MLA) के पक्ष में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने दिल्ली की जनता से भारतीय जनता पार्टी को प्रचंड मतों से विजयी बनाने की अपील की। सीएम धामी ने कहा कि जनसभा में दिख रहा देवतुल्य जनता का उत्साह और अभूतपूर्व समर्थन यह स्पष्ट संकेत दे रहा है कि दिल्ली में कमल खिलना तय है।
मुख्यमंत्री ने दिल्ली की जनता की नाराजगी को स्पष्ट करते हुए कहा कि दिल्ली में भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति करने वाली आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार से लोग पूरी तरह त्रस्त हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि AAP के कुशासन की वजह से दिल्ली में भ्रष्टाचारियों और शराब माफियाओं को बढ़ावा मिला है, जिससे आम जनता को बहुत परेशानी हुई है।
सीएम धामी ने विश्वास जताया कि दिल्ली की जनता इस बार भाजपा की डबल इंजन सरकार बनाने के उद्देश्य से 5 फरवरी को कमल का बटन दबाएगी, ताकि राज्य में बेहतर प्रशासन और विकास की दिशा में काम किया जा सके।