Madhya Pradesh

भाजपा ने शिवराज वाली बुधनी सीट पर किसे दिया मौका, विजयपुर में कांग्रेस से आए नेता को टिकट

Published

on


भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने शनिवार को मध्यप्रदेश की विजयपुर और बुधनी विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए प्रत्याशियों के नाम की घोषणा कर दी। पार्टी ने विजयपुर सीट से रामनिवास रावत और बुधनी सीट से रमाकांत भार्गव को टिकट दिया है।

पार्टी की ओर से देर शाम जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार राज्य के वन मंत्री रामनिवास रावत श्योपुर जिले की विजयपुर सीट से और पूर्व सांसद भार्गव बुधनी सीट से भाजपा प्रत्याशी होंगे।

रावत विजयपुर से साल 2023 का चुनाव कांग्रेस के टिकट पर लड़कर जीते थे, लेकिन इसके बाद साल 2024 में लोकसभा चुनाव से पहले वे भाजपा में आ गए थे और उन्होंने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था। इसी वजह से यहां उपचुनाव की नौबत आई।

इसके अलावा बुधनी से पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान विधायक चुने गए थे, लेकिन लोकसभा चुनाव में विदिशा से चुने जाने के बाद उन्होंने विधायक पद से त्यागपत्र दे दिया था। वहीं अब बुधनी से भाजपा प्रत्याशी बनाए गए भार्गव विदिशा सीट से सांसद रह चुके हैं और चौहान के नजदीकी माने जाते हैं।

दोनों ही विधानसभा उपचुनावों के लिए नामांकन पत्र दाखिले का काम शुक्रवार से शुरू हो चुका है। नामांकन पत्र जमा करने के दूसरे दिन भी आज कोई नामांकन पत्र नहीं भरा गया। इन दोनों क्षेत्रों में मतदान 13 नवंबर को होगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version