Rajasthan

हरियाणा चुनाव प्रचार में भजनलाल शर्मा की एंट्री, कांग्रेस पर तीखा हमला

Published

on


मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शुक्रवार को हरियाणा विधानसभा में चुनाव प्रचार के लिए पहुंचे थे। चुनाव प्रचार के दौरान एक रैली को संबोधित करते हुए शर्मा ने कहा कि कांग्रेस का गरीब और मजदूर से कोई नाता नहीं है। इस पार्टी ने गरीब का हमेशा ही शोषण किया है। जबकि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने केवल 4 जातियों-किसान, मजदूर, युवा और महिला को केन्द्र में रखकर उनके उत्थान के लिए अनवरत कार्य किया है। उनके द्वारा किए गए विकास कार्यों से आज हर वर्ग का कल्याण सुनिश्चित हो रहा है।

शर्मा शुक्रवार को हरियाणा के असंध विधानसभा क्षेत्र में बीजेपी प्रत्याशी योगेन्द्र राणा के समर्थन में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के शहजादे राहुल गांधी दुनिया में देश को शर्मसार करने का कोई मौका नहीं छोड़ते। वे सिक्ख भाइयों के लिए अनुचित टिप्पणी कर देश का मान गिराने का काम करते हैं। पूरी दुनिया जानती है कि कांग्रेस सरकार के समय में 1984 के दौरान सिक्खों के साथ क्या हुआ था। वे जब भी विदेश जाते हैं तो देशद्रोहियों के साथ मुलाकात करते हैं, उनके साथ खिचड़ी पकाते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जनता को बताएं कि उनका देश विरोधियों से क्या रिश्ता है?

बीजेपी सरकार ने हरियाणा में हर वर्ग का किया कल्याण: भजनलाल

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में बीजेपी की सरकार ने हरियाणा के विकास को गति दी है। आज हरियाणा विकास के पथ पर दोगुनी रफ्तार से दौड़ रहा है। औद्योगिक क्षेत्रों का विकास, हाईवे का निर्माण और किसानों का कल्याण हमारी बीजेपी सरकार ने किया है। इस विकास की गति को बनाए रखने के लिए भारी समर्थन के साथ बीजेपी की सरकार बनाएं।

मोदी जी के नेतृत्व में देश हुआ मजबूत:भजनलाल

भजनलाल शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के राज में वर्ष 2014 से पहले देश में होने वाले भ्रष्टाचार और घोटालों को सभी जानते हैं। कांग्रेस ही देश में भ्रष्टाचार की जननी है। इसने पार्टी ने सिर्फ लूटने और झूठ बोलने का काम ही किया है। कांग्रेस राज में बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन, भीड़ वाली जगहों पर बम विस्फोट की घटनाएं आम बात हो गई थी। लेकिन प्रधानमंत्री मोदी जी ने जब से देश की कमान संभाली है, दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सीमा पर जब भी एक गोली आती है तो इधर से गोला ही जाता है। उनका कहना है कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आतंकवाद और नक्सलवाद पर प्रभावी नियंत्रण और भारत के बढ़ते गौरव से पूरा विश्व परिचित है।

कांग्रेस के घोषणा पत्र झूठ का पुलिंदा: राजस्थान मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने कहा कि आमजन को कांग्रेस के पिछले घोषणा पत्रों को देखना चाहिए, किस प्रकार उसने जनता से झूठे वायदे किए। लेकिन हमारी सरकार जो कहती है, वो करती है। प्रधानमंत्री मोदी ने 2014 और 2019 में किए गए संकल्पों को पूरा किया है। आज देश विकास के पथ पर अग्रसर है। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना से आज दूर-दराज के क्षेत्रों में सुदृढ़ सड़क तंत्र विकसित हुआ है, जिसका लाभ ग्रामीणों को मिल रहा है। इस अवसर पर शर्मा ने असंध विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी प्रत्याशी योगेन्द्र राणा को अधिकाधिक मतों से विजयी बनाने की अपील की। इस दौरान हरियाणा बीजेपी के वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version