Delhi
इनका सिर्फ इतना कसूर था कि…; सत्येंद्र जैन को जमानत मिलने पर क्या बोले केजरीवाल
आम आदमी पार्टी के नेता सत्येंद्र जैन को जमानत मिलने पर पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने खुशी जताई है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि सत्येंद्र जैन को भी दो साल से ज्यादा जेल में रहने के बाद बेल मिल गई। इनका कसूर क्या था?
आम आदमी पार्टी के नेता सत्येंद्र जैन को जमानत मिलने पर पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने खुशी जताई है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि सत्येंद्र जैन को भी दो साल से ज्यादा जेल में रहने के बाद बेल मिल गई। इनका कसूर क्या था? इनके यहां कई कई बार रेड हुई। एक पैसा भी नहीं मिला।
केजरीवाल ने लिखा कि इनका कसूर सिर्फ इतना था कि इन्होंने मोहल्ला क्लिनिक बनाए और दिल्ली के सभी लोगों का पूरा इलाज मुफ्त कर दिया। मोहल्ला क्लिनिक बंद करने के लिए और गरीबों का फ्री इलाज रोकने के लिए मोदी जी ने इन्हें जेल में डाल दिया। लेकिन, भगवान हमारे साथ है। आज ये भी रिहा हो गए।
वहीं, आप के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने कहा कि आज मुझे बहुत खुशी है कि हमारी पार्टी के वरिष्ठ नेता सत्येंद्र जैन को जमानत मिल गई है। वे इस देश में मोहल्ला क्लीनिक की क्रांति के जनक हैं। दिल्ली के लोगों को सत्येंद्र जैन की वजह से शानदार अस्पताल मिले हैं। सत्येंद्र जैन बहुत मेहनत के साथ दिल्ली के लोगों की सेवा कर रहे थे, लेकिन भाजपा ने षड्यंत्र किया। भाजपा को डर था कि आप की सरकार अगर ऐसे ही दिल्ली की स्वास्थ्य सेवा ठीक करती रही तो देश में लोग भाजपा से भी सवाल पूछने लगेंगे कि अगर अरविंद केजरीवाल और सत्येंद्र जैन दिल्ली के सरकारी अस्पतालों को ठीक कर सकते हैं तो आप (भाजपा) स्वास्थ्य सेवाओं को ठीक क्यों नहीं कर सकते?
सिसोदिया ने कहा कि चार-चार बार भाजपा ने सत्येंद्र जैन के घर पर ईडी की छापेमारी करवाई, लेकिन उनके खिलाफ कुछ नहीं मिला। आज भाजपा की पूरी साजिश के खिलाफ पर्दाफाश हुआ है क्योंकि सत्येंद्र जैन के खिलाफ कुछ नहीं मिला। आज पीएम मोदी और भाजपा को न केवल सत्येंद्र जैन बल्कि दिल्ली के लोगों से माफी मांगनी चाहिए। इन सब मामलों में एक बात सामान्य है कि किसी के यहां से कुछ नहीं मिला है। केवल एक ही मकसद था कि दिल्ली के लोगों के काम रोकना। भाजपा काम रोकने का षड्यंत्र करती है।