Delhi
अब आकासा एयर के विमान में बम की धमकी, दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंडिंग, 2 दिन में 12वीं घटना
दिल्ली से बेंगलुरु जा रहे आकाश एयर के एक विमान को बम की धमकी मिलने के बाद इसे राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षित उतार लिया गया। बीते दो दिनों में कई एयरलाइनों को ऐसी धमकियां मिल चुकी हैं।
बम की धमकी मिलने के बाद आकासा एयर के एक विमान ने बुधवार दोपहर को राष्ट्रीय राजधानी के इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। विमान बेंगलुरु जा रहा था, इसी दौरान उसे धमकी मिली। सूत्रों ने बताया कि विमान क्यूपी 1335 में 180 से अधिक लोग सवार थे। बम की धमकी मिलने के बाद विमान दिल्ली की ओर लौट आया और सुरक्षित लैंड कर गया। इस दौरान एयरपोर्ट पर आपात स्थिति घोषित कर दी गई थी। बीते दो दिनों के दौरान विमानों को धमकी की यह 12वीं घटना है।
आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, विमान दिल्ली से बेंगलुरु की ओर रवाना हुआ था। इसी बीच उसे बम की धमकी का अलर्ट मिला। मानक सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए विमान को तुरंत वापस आईजीआई एयरपोर्ट पर वापस लौटना पड़ा। विमान को सुरक्षित रूप से उतार लिया गया। विमान को आइसोलेशन बे में रखा गया है।
जारी बयान में कहा गया कि यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है। जरूरत पड़ने पर विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। इससे पहले मुंबई से दिल्ली आ रहे एक इंडिगो के विमान में बम होने की धमकी मिली थी। इसके बाद विमान को डायवर्ट कर अहमदाबाद में लैंड कराया गया। हालांकि जांच के दौरान विमान में कुछ नहीं मिला।
गौरतलब है कि बीते कुछ दिनों से विभिन्न विमानों में बम होने की धमकी भरी सूचनाएं मिली हैं। हालांकि जांच पड़ताल के बाद सूचनाएं गलत साबित हुई हैं। सोमवार को भी मुंबई से उड़ान भरने वाली तीन इंटरनेशनल उड़ानों में बम होने की धमकियां मिली थीं। इसके बाद न्यूयॉर्क जाने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट को डायवर्ट कर उसे नई दिल्ली लाया गया। वहीं इंडिगो की दो अन्य फ्लाइटों में इन्हीं धमकियों के कारण कई घंटों की देरी हुई थी।