Uttarakhand
गैरसैंण विधानसभा सत्र से पहले गरमाई उत्तराखंड की सियासत! अंकिता केस और चंदा विवाद पर कांग्रेस का बड़ा प्लान तैयार
देहरादून। 27 अक्टूबर को गैरसैंण में होने वाले विधानसभा सत्र को लेकर उत्तराखंड की सियासत गरमाने लगी है। सत्र से पहले कांग्रेस ने धामी सरकार को घेरने की तैयारी तेज कर दी है। अंकिता भंडारी हत्याकांड और चंदा विवाद को लेकर विपक्ष सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने जा रहा है। इन मुद्दों पर जवाबदेही की मांग को लेकर कांग्रेस न्याय यात्रा निकालने की तैयारी में है।ऐसे में गैरसैंण विधानसभा सत्र के दौरान इन मुद्दों को लेकर सियासी सरगर्मी बढ़ने के आसार हैं। अब सबकी नजरें इस बात पर रहेंगी कि विपक्ष के सवालों पर धामी सरकार क्या जवाब देती है और इन मुद्दों पर सदन में क्या चर्चा होती है।
चारों दिशाओं से निकलेगी कांग्रेस की यात्रा
उत्तराखंड में संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों की तैयारी के तहत कांग्रेस प्रदेश की अलग-अलग दिशाओं से यात्रा निकालने की योजना बना रही है। वरिष्ठ नेताओं ने इसको लेकर चर्चा की है, जबकि अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान को लेना है। ऐसे में प्रदेश सरकार को घेरने और विभिन्न मुद्दों पर न्याय की मांग उठाने के लिए कांग्रेस अपनी यात्रा की तैयारियों में जुटी है।
बदरीनाथ धाम में होगा यात्रा का समापन
कांग्रेस के प्रस्तावित कार्यक्रम के मुताबिक, धारचूला, हरिद्वार, चकराता-पूरोला, ऊधम सिंह नगर और नैनीताल समेत अलग-अलग क्षेत्रों से यात्राएं निकाली जाएंगी। सभी यात्राएं चमोली जिले में एकत्रित होंगी, जिसके बाद कांग्रेस नेता बदरीनाथ धाम पहुंचेंगे और प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों पर न्याय की गुहार लगाएंगे।
अंकिता केस से लेकर चंदा विवाद तक, इन मुद्दों पर सरकार को घेरेगी कांग्रेस
कांग्रेस की प्रस्तावित यात्रा में अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग, पेपर लीक प्रकरण, बदरीनाथ और केदारनाथ मंदिरों से जुड़े कथित चंदा विवाद, प्रदेश में बढ़ते अपराध और महिला उत्पीड़न जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए जाएंगे। पार्टी इन मुद्दों को लेकर प्रदेशभर में जनसंपर्क करते हुए सरकार से जवाब मांगने की तैयारी में है।

न्याय की गुहार लगाएगी कांग्रेस
पूर्व कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत के मुताबिक, बदरीनाथ धाम में भगवान के दर्शन कर चढ़ावा चढ़ाया जाएगा और प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों पर न्याय की गुहार लगाई जाएगी।कांग्रेस की इस प्रस्तावित यात्रा को जन जागरण, जन क्रांति, लोकतंत्र बचाओ क्रांति या संकल्प यात्रा नाम दिया जा सकता है। हालांकि, यात्रा की तारीख और अंतिम स्वरूप पर पार्टी हाईकमान की मुहर लगना बाकी है।
