Connect with us

Uttarakhand

पुलिस मुख्यालय में DGP दीपम सेठ ने फहराया तिरंगा, उत्कृष्ट पुलिसकर्मियों को किया सम्मानित

Published

on

पुलिस मुख्यालय में DGP दीपम सेठ ने फहराया तिरंगा, उत्कृष्ट पुलिसकर्मियों को किया सम्मानित

देहरादून: स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय में देशभक्ति और उत्साह के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी और पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।

ध्वजारोहण कार्यक्रम के बाद DGP दीपम सेठ ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चयनित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क ‘गोल्ड’, प्रशस्ति डिस्क ‘सिल्वर’ और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने सभी सम्मानित पुलिसकर्मियों को बधाई देते हुए उनके योगदान की सराहना की।

स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को किया नमन

अपने संबोधन में DGP दीपम सेठ ने प्रदेशवासियों और पुलिस परिवार को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने देश की आजादी के लिए त्याग और बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों, आजादी के नायकों और अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

उन्होंने कहा कि राष्ट्र की एकता और अखंडता, संविधान तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। इस जिम्मेदारी में पुलिसकर्मी हमेशा अग्रिम पंक्ति में रहकर अपनी भूमिका निभाते हैं।

चारधाम यात्रा और कांवड़ मेले की सुरक्षा का किया जिक्र

DGP ने उत्तराखंड पुलिस की कार्यकुशलता का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के रोड शो से लेकर केंद्रीय गृह मंत्री की मौजूदगी में आयोजित न्याय संहिता प्रदर्शनी तक पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी प्रभावी ढंग से निभाई।

उन्होंने चारधाम यात्रा और कांवड़ मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर समन्वय के साथ संभालने को भी पुलिस की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

साइबर अपराध प्रबंधन में उत्तराखंड पुलिस की उपलब्धि

DGP दीपम सेठ ने बताया कि साइबर अपराध प्रबंधन के क्षेत्र में ‘प्रगति’ समीक्षा बैठक के दौरान उत्तराखंड पुलिस को देश के शीर्ष पांच राज्यों में स्थान मिला है।

इसके अलावा पासपोर्ट सत्यापन में बेहतर प्रदर्शन के लिए भारत सरकार की ओर से Institutional Performance Award for State Police मिलने और BRICS सम्मेलन में सिल्क्यारा टनल तथा धराली-हर्षिल रेस्क्यू मॉडल की सराहना का भी उन्होंने उल्लेख किया।

950 से अधिक पुलिसकर्मियों को मिली पदोन्नति

पुलिसकर्मियों के कल्याण और प्रोत्साहन को लेकर DGP ने बताया कि पिछले एक वर्ष में 950 से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों को समयबद्ध पदोन्नति दी गई है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड पुलिस की उपलब्धियों के पीछे बैरियर पर तैनात जवानों से लेकर महिला पुलिसकर्मी, वाहन चालक, ट्रैफिक कर्मी, वायरलेस ऑपरेटर, साइबर विशेषज्ञ और फील्ड में काम करने वाले प्रत्येक पुलिसकर्मी की मेहनत शामिल है।

पुलिसकर्मियों के समर्पण को बताया असली ताकत

DGP दीपम सेठ ने कहा कि उत्तराखंड पुलिस की सफलता उसके जवानों के परिश्रम, अनुशासन और कर्तव्य के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने पुलिसकर्मियों के जज्बे की सराहना करते हुए भरोसा जताया कि पुलिस परिवार इसी निष्ठा और साहस के साथ प्रदेश की शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को और मजबूत करेगा।

कार्यक्रम में अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था वी. मुरुगेशन, अपर पुलिस महानिदेशक प्रशासन ए.पी. अंशुमान सहित पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस उपमहानिरीक्षक और अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।



Source link

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement