Uttarakhand
लक्सर के जंगल में मिले दो साधुओं के शव, मंदिर परिसर के पास गड्ढे में दबे मिले अवशेष
हरिद्वार : हरिद्वार जिले के पथरी थाना क्षेत्र के पथरेश्वर महादेव मंदिर परिसर के पास जंगल में दो साधुओं के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। दोनों शव मिट्टी के नीचे गड्ढे में दबे हुए मिले, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या कर शवों को छिपाए जाने की आशंका जताई जा रही है।
लक्सर के जंगल में मिले दो साधुओं के शव
लक्सर के जंगल में दो साधुओं के शव मिलने से सनसनी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम और वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
खुदाई कराकर बाहर निकाले गए शव
पुलिस के अनुसार, मंदिर परिसर के समीप जंगल में संदिग्ध परिस्थितियों में गड्ढे के भीतर शव दबे होने की सूचना मिली थी। इसके बाद तत्काल मौके पर खुदाई कराई गई। दोनों शवों को बाहर निकालकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी देहात शेखर सुयाल ने स्वयं मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
जांच के दायरे में मंदिर का मुख्य पुजारी
एसपी देहात शेखर सुयाल ने पुलिस अधिकारियों और जांच टीम को हर पहलू पर गंभीरता से जांच करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान मंदिर के मुख्य पुजारी समेत कुछ अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में लाई गई है। हालांकि, पुलिस ने अभी किसी भी व्यक्ति की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि बिना पर्याप्त साक्ष्यों के किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी और जांच पूरी तरह तथ्यों एवं वैज्ञानिक प्रमाणों के आधार पर आगे बढ़ाई जा रही है।
