Uttarakhand
लोहाघाट अस्पताल में डॉक्टरों के तबादलों पर भड़के लोग, स्वास्थ्य मंत्री का पुतला फूंका
लोहाघाट : उपजिला अस्पताल लोहाघाट से आठ चिकित्सकों के एक साथ हुए तबादलों के विरोध में जनाक्रोश लगातार तेज होता जा रहा है। शुक्रवार को लोहाघाट संघर्ष समिति के बैनर तले समिति अध्यक्ष विपिन गोरखा के नेतृत्व में अस्पताल परिसर में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया।
लोहाघाट अस्पताल में डॉक्टरों के तबादलों पर भड़के लोग
प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल का पुतला दहन कर तबादलों को तत्काल निरस्त करने की मांग उठाई। धरने को अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों का भी समर्थन मिला। संघर्ष समिति का कहना है कि आठ चिकित्सकों के एक साथ तबादले से सीमांत क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह चरमरा जाएंगी और हजारों लोगों को इलाज के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
लोगों ने स्वास्थ्य मंत्री का पुतला फूंका
समिति अध्यक्ष विपिन गोरखा ने बताया कि दो चिकित्सकों को पहले ही कार्यमुक्त किया जा चुका है, जबकि शनिवार तक शेष डॉक्टरों को भी कार्यमुक्त किए जाने की संभावना है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने एक सप्ताह के भीतर विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती नहीं की और तबादलों पर पुनर्विचार नहीं किया, तो संघर्ष समिति अस्पताल में तालाबंदी कर उग्र जनआंदोलन शुरू करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
तबादले रद्द करने की है मांग
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने कहा कि सीमांत क्षेत्र के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल को डॉक्टरों से खाली करना जनता के स्वास्थ्य के साथ सीधा खिलवाड़ है। उन्होंने सरकार से जनहित को देखते हुए तत्काल तबादले रद्द कर पर्याप्त विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती सुनिश्चित करने की मांग की।
