Uttarakhand
चारधाम यात्रा के लिए सरकार तैयार, सीएम धामी ने ग्राउंड जीरो पर पहुंच तैयारियों का लिया जायजा
रुद्रप्रयाग : 19 अप्रैल से शुरू हो रही चारधाम यात्रा को लेकर उत्तराखंड सरकार पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। तैयारियों का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खुद ग्राउंड पर पहुंचे और उन्होंने यात्रा की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
चारधाम यात्रा के लिए अंतिम चरण में तैयारियां
चारधाम यात्रा के लिए दो दिन का समय बचा है। ऐसे में यात्रा की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। सरकार और प्रशासन तैयारियों में जुटी हुई है। लगातार सड़कों, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारी तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं। आज खुद सीएम धामी भी तैयारियों का जायजा लेने ग्राउंड जीरो पर पहुंचे।
सीएम धामी ने ग्राउंड जीरो पर पहुंच तैयारियों का लिया जायजा
आज मुख्यमंत्री रुद्रप्रयाग पहुंचे जहां उन्होंने चारधाम यात्रा की तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यात्रा मार्ग पर सड़कों की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत भी किया। इसके बाद सीएम धामी ने स्थानीय प्रशासन और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की, जिसमें यात्रा की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
अगले दो दिनों में तैयारियां हर हाल में पूरी करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी जरूरी व्यवस्थाएं अगले दो दिनों के भीतर हर हाल में पूरी कर ली जाएं। साथ ही उन्होंने यात्रा मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के भी निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने विशेष रूप से भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों पर फोकस करते हुए कहा कि संवेदनशील जोनों में जेसीबी मशीनें हर समय तैनात रहनी चाहिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। इससे पहले भी मुख्यमंत्री कई बार यात्रा को सुचारू और सुरक्षित बनाने के लिए उच्चस्तरीय बैठकों के जरिए तैयारियों की समीक्षा कर चुके हैं।
