Uttar Pradesh
shivpal comment on one nation one election said bjp is very arrogant we will remove it from power

ऐप पर पढ़ें
Shivpal Singh Yadav: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव ने एक बार फिर बीजेपी पर हमला बोला है। शिवपाल ने बदायूं में कहा कि बीजेपी की सरकार सत्ता में है तो घमंड में है और ये कुछ भी कर सकते हैं। लोकतंत्र और संविधान को मानते नहीं है। ये सत्ता में रहने के लिए कुछ भी कर सकते हैं। अब इनका एक ही उपाय है। इनको हमारा INDIA गठबंधन और सपा ही सत्ता से हटाने का काम करेगी।
शिवपाल ने यह बात पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द की अध्यक्षता में बनी कमेटी द्वारा ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ पर रिपोर्ट राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को सौंपने के बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में कहीं। बता दें कि एक देश, एक चुनाव’ पर विचार के लिए पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की अगुवाई में बनी उच्चस्तरीय समिति ने बुधवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को रिपोर्ट सौंप दी। इसमें दो चरणों में लोकसभा, विधानसभाओं, स्थानीय निकायों के चुनाव कराने की सिफारिश की गई है। बदायूं लोकसभा क्षेत्र से सपा के अधिकृत प्रत्याशी बनाए जाने के बाद शिवपाल गुरुवार को बदायूं पहुंचे।
जिले की सीमा में कछला में पर प्रवेश करते ही कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान शिवपाल ने कहा कि भाजपा के राज में सभी लोग बेहाल हैं। बदायूं के साथ ही प्रदेश की सभी 80 लोकसभा सीटों पर सपा-कांग्रेस गठबंधन के प्रत्याशी जीत हासिल करेंगे। भतीजे धर्मेंद्र यादव के सवाल पर शिवपाल ने कहा कि प्रचार के लिए सपा के सभी नेता बदायूं आएंगे और पूरी ताकत से जुटेंगे। भाजपा घमंडी पार्टी है और उसका घमंड तोड़कर इंडिया गठंबधन के साथ सपा केंद्र में सरकार बनाएगी।
टिकट मिलने के 22 दिन बाद गुरुवार को पहली बार तीन दिवसीय चुनावी दौरे पर बदायूं आए सपा प्रत्याशी शिवपाल सिंह यादव का कछला चौराहा, बुटला बोर्ड तिराहा, छतुईया, उझानी मंडी तिराहा, घंटाघर चौराहा, ब्लाक ऑफिस के सामने स्वागत किया गया। बाद में शिवपाल काफिले के साथ बदायूं पहुंचे।
इससे पहले उझानी में प्रेसवार्ता के दौरान सपा प्रत्याशी शिवपाल यादव ने कहा कि यूपी में कांग्रेस-सपा गठबंधन के प्रत्याशी सभी 80 सीटों पर जीत हासिल करेंगे और सभी 80 सीटों पर भाजपा की जमानत जब्त कराएंगे। उन्होंने कहा कि सपा की ओर से बदायूं से मुलायम सिंह यादव, रामगोपाल यादव व भतीजे धर्मेंद्र यादव के बाद अब मैं खुद बदायूं से प्रत्याशी हूं। बदायूं सपा का गढ़ है, इसलिए बदायूं में सपा ही जीत हासिल करेगी। भाजपा ने पिछले पांच साल में कोई ऐसा विकास कार्य नहीं किया जिससे जनता को लाभ मिला हो। भाजपा को बदायूं सीट से लड़ने के लिए प्रत्याशी भी ढूंढ़े मिल नहीं रहे हैं।