Delhi
delhi weather forecast imd 28 january delhi rain alert barish mausam temperature update

ऐप पर पढ़ें
Delhi weather forecast: दिल्लीवालों को ठंड से राहत मिली है। इस साल जनवरी में पहली बार शनिवार को अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शुक्रवार (26 जनवरी) की तरह आज भी धूप खिलने से मौसम खुशनुमा हो गया। मौसम विभाग (IMD) ने भविष्यवाणी की थी कि अगले तीन दिनों में दिल्ली का तापमान तीन डिग्री तक बढ़ सकता है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 20.6 डिग्री था, जो अगले ही दिन बढ़कर 24 डिग्री हो गया। ऐसे में आने वाले कुछ दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। IMD ने दिल्ली में बारिश की भी भविष्यवाणी कर दी है।
जनवरी के आखिरी दिन एक नई आफत
राजधानी दिल्ली में 31 जनवरी और 1 फरवरी को बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने इन दो दोनों को लेकर हल्की बूंदाबांदी की भविष्यवाणी की है। ऐसे में कड़ाके की ठंड और कोहरे से परेशान दिल्लीवालों को कुछ दिनों की राहत के बाद एक नई आफत का सामना करना पड़ सकता है। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है जिससे ठंड बढ़ जाएगी।
अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में अगले कुछ दिनों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। धूप खिलने से ठंड से राहत मिलने की भी भविष्यवाणी की गई है। IMD का अनुमान है कि रविवार को आसमान साफ रह सकता है। वहीं इस महीने के आखिरी दिन और फरवरी के पहले दिन बारिश की भी भविष्यवाणी की गई है।
पलूशन की मार बरकरार
बदलते मौसम के साथ-साथ दिल्ली में पलूशन की मार बरकरार है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी में वायु गुणवत्ता अब भी बेहद खराब बनी हुई है। सुबह नौ बजे समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 402 दर्ज किया गया, जो गंभीर श्रेणी में आता है।