Uttarakhand
9 अगस्त को मथुरा में कारसेवा का संतों का आह्वान, बोले – अब श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति का समय
हरिद्वार : श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति अभियान के तहत संत समाज ने 9 अगस्त को मथुरा (ब्रज) में कारसेवा का आह्वान किया है। श्री चित्रगुप्त पीठ के पीठाधीश्वर जगतगुरु डॉ. स्वामी सच्चिदानंद ने कहा कि यह आह्वान आज नहीं बल्कि 4 जुलाई को ही किया जा चुका था और यात्रा लगातार जारी है।
9 अगस्त को मथुरा में कारसेवा का संतों का आह्वान
संतों ने बताया कि 9 अगस्त की तिथि तय कर दी गई है और ब्रज में पार्थिव पूजन एवं कारसेवा का कार्यक्रम होगा। उन्होंने कहा कि देशभर से लाखों संत-महात्मा इस अभियान में शामिल होंगे। संत समाज का भरपूर आशीर्वाद और समर्थन मिल रहा है। उनका कहना था कि “भगवान श्रीकृष्ण को उनके जन्मस्थान पर सम्मान मिलना चाहिए। सरकार से वार्ता बाद में होगी, पहले आंदोलन चलेगा।” उन्होंने प्रशासन से भी पूर्ण सहयोग की अपेक्षा जताई।
अब श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति का समय
दूसरी ओर, मानस देवी ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी ने कहा कि “अब यही उचित समय है, अभी नहीं तो फिर कभी नहीं।” उन्होंने कहा कि अयोध्या का विषय सुलझने के बाद अब श्रीकृष्ण जन्मभूमि के लिए आगे बढ़ने का समय है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्तमान नेतृत्व में श्रीकृष्ण जन्मभूमि का समाधान भी शीघ्र होगा और सभी सनातनियों से इस अभियान में सहभागिता का आह्वान किया।