Uttarakhand
75 लाख की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार, ड्रग-फ्री देवभूमि अभियान को मिली बड़ी सफलता
चम्पावत : उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने के अभियान के तहत चम्पावत पुलिस ने नशे के कारोबारियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 253 ग्राम अवैध स्मैक (हेरोइन) के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 75 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस की इस कार्रवाई को “ड्रग फ्री देवभूमि” अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कामयाबी : पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत क्षेत्राधिकारी टनकपुर निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण में कोतवाली टनकपुर और एसओजी की संयुक्त टीम ने मनिहारगोठ क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान रेलवे पटरी के समीप मोटरसाइकिल पर बैठे एक संदिग्ध युवक की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 253 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान तस्लीम मंसूरी (21) पुत्र सलीम मंसूरी निवासी मीना बाजार, बनबसा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, 900 रुपये नकद तथा एक वीवो मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
आरोपी का बयान, पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया बड़ा खुलासा : पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह स्मैक पीलीभीत निवासी हैरी सिंह से लाकर क्षेत्र के नशे के आदी युवकों को बेचता था। पुलिस ने मामले में नामजद आरोपी हैरी सिंह की तलाश शुरू कर दी है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली टनकपुर में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
चम्पावत पुलिस का सख्त संदेश: नशा तस्करों के लिए कोई जगह नहीं : चम्पावत पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि जनपद में नशे का कारोबार करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है।नशा तस्करों और उनके नेटवर्क के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई भविष्य में भी लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे की तस्करी, बिक्री अथवा सेवन से संबंधित किसी भी सूचना को तत्काल पुलिस अथवा मानस हेल्पलाइन 1933 पर साझा करें, ताकि नशामुक्त चम्पावत और नशामुक्त उत्तराखंड के लक्ष्य को साकार किया जा सके।