Uttarakhand
2027 चुनाव का आगाज: कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन
कांग्रेस के राजभवन कूच घेराव में दिखा शक्ति प्रदर्शन
देहरादून : उत्तराखंड कांग्रेस ने आज राज्य सरकार की नाकामियों के खिलाफ राजभवन कूच किया। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता परेड ग्राउंड मैदान में सुबह से एकत्रित होना शुरू हुए जिसके बाद कांग्रेस नेताओं के साथ सभी ने राजभवन कूच किया। रैली को सफल बनाने के लिए बड़ी संख्या में विभिन्न जनपदों से कांग्रेस कार्यकर्ता पहुंचे हुए थे।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के कोने-कोने से हजारों की सुख्या में पहुंचकर ऐतिहासिक राजभवन घेराव कर भाजपा की धामी सरकार के ताबूत में अंतिम कील ठोकी है। गणेश गोदियाल ने राजभवन घेराव कार्यक्रम में प्रदेश के कोने-कोने से हजारों की संख्या में आये कांग्रेस कार्यकर्ताओं का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस ऐतिहासिक कार्यक्रम के माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार की जड़ों को हिलाने का काम कर दिया है और आने वाले 2027 के विधानसभा चुनाव में निश्चित रूप से इसका लाभ कांग्रेस पार्टी को मिलेगा और जनता भाजपा सरकार की तानाशाही, जनविरोधी नीतियों और कुशासन से निजात पायेगी।
अपराध, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, ध्वस्त कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर बोला हमला
कार्यक्रम संयोजक और विधायक प्रीतम सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता जिस उत्साह से हजारों की संख्या में भाजपा सरकार की जन विरोधी नीतियों का विरोध करने के लिए देहरादून के परेड ग्राउंड में एकजुट हुए उससे आने वाले समय में पार्टी संगठन को निश्चित रूप से मजबूती मिलेगी तथा हम और अधिक ताकत से भाजपा सरकारों की जन विरोधी नीतियों तथा अलोकतांत्रिक हिटलरशाही का जवाब देने के लिए तत्पर रहेंगे।
राजभवन कूच कर रहे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हाथीबड़कला पर बेरीकेडिंग लगाकर रोक दिया। जहाँ पर पुलिस के साथ कई कार्यकर्ताओं की तीखी नोकझोंक भी हुईं। कांग्रेस महिला प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा की आज सरकार भ्रष्टाचार, खनन में डूबी हुईं है। आज प्रदेश में महिला अपराधों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। राजधानी देहरादून में ही बीते 15 दिनों में पांच हत्याएँ हो चुकी है कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। आज राज्य का युवा खुद को ठगा हुआ महसूस कर कर रहा है।राजभवन कूच कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओ को पुलिस ने हाथी बड़कला से गिरफ्तार करते हुए पुलिस लाइन लें गई।
राजभवन कूच में दिखी कांग्रेस की एकता, साथ खड़े नजर आए वरिष्ठ नेता
कांग्रेस के इस राजभवन कूच में कांग्रेस के तमाम बड़े नेताओं में एकता भी देखने को मिली। जहाँ कई बार सचिवालय,मुख्यमंत्री आवास घेराव में कांग्रेस में एकजुटता नजर नहीं आती है वही इस कूच में कांग्रेस के तमाम बड़े नेता, उनकी प्रदेश प्रभारी सभी एकसाथ खड़े नजर आए। यह कहना गलत नहीं होगा की कांग्रेस ने इस महरैली के जरिये सत्ताधारी पार्टी को चिंता में डालने का काम जरूर किया है। हजारों की संख्या में पहुंची भीड़ यह बताने के लिए काफ़ी थी की आने वाला विधानसभा चुनाव भाजपा के लिए आसान बिल्कुल नहीं होने वाला।
हालांकि कांग्रेस की इस महरैली को भाजपा फ़ैल जरूर बता रही है लेकिन अंदर खाने सत्ताधारी पार्टी में भी बेचैनी देखी जा सकती है। कांग्रेस की आज की इस रैली से यही निहिर्थात निकाले जा सकते है की यदि कांग्रेस आने वाले विधानसभा चुनाव तक राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ यूँ ही एकजुट होकर प्रदर्शन करती है और आमजनता को वोट में तब्दील कर पाती है तो भाजपा के लिए कहीं ना कहीं 2027 का रण बेहद मुश्किलों भरा होने वाला है।
