Uttarakhand
हर्रावाला स्टेशन का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया वर्चुअल लोकार्पण, यात्रियों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएँ
देहरादून : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जालंधर पंजाब से वर्चुअल माध्यम से ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के अंतर्गत देशभर में 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण किया। इसी क्रम में पुनर्विकसित हर्रावाला रेलवे स्टेशन में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हर्रावाला रेलवे स्टेशन उन 75 स्टेशनों में शामिल है, जिन्हें ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत नए स्वरूप में विकसित कर राष्ट्र को समर्पित किया गया है।
हर्रावाला स्टेशन का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया वर्चुअल लोकार्पण
हर्रावाला रेलवे स्टेशन का लगभग 19 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास किया गया है। स्टेशन की वास्तुशिल्पीय थीम दून घाटी की प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक विरासत से प्रेरित है। इसका आकर्षक घुमावदार छत हिमालयी पर्वतमाला की छवि को दर्शाता है, जबकि स्टेशन परिसर में उत्तराखण्ड की पारंपरिक ऐपण कला के प्रदर्शन के लिए भी विशेष स्थान उपलब्ध कराया गया है।
स्टेशन पर यात्रियों के लिए अनेक विश्वस्तरीय सुविधाएँ उपलब्ध हैं। आकर्षक अग्रभाग (फसाड) वाला आधुनिक स्टेशन भवन, सुव्यवस्थित प्रवेश प्लाजा, एक्जीक्यूटिव लाउंज तथा आरामदायक प्रतीक्षालय, दिव्यांगजन-अनुकूल अवसंरचना, सुलभ शौचालय और पार्किंग की व्यवस्था शामिल है। स्टेशन में उन्नत पेयजल सुविधा, बैठने की व्यवस्था और यात्री सूचना सुविधाएँ शामिल हैं।
यात्रियों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएँ
लोकार्पण के अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा देशभर के 75 पुनर्विकसित अमृत भारत रेलवे स्टेशनों को राष्ट्र को समर्पित किया जाना भारत की विकास यात्रा का एक ऐतिहासिक अध्याय है। उन्होंने कहा कि आधुनिक रेलवे अवसंरचना उत्तराखण्ड में पर्यटन, व्यापार, कृषि, स्थानीय उत्पादों, निवेश और रोजगार के अवसरों को नई गति प्रदान करेगी। हर्रावाला रेलवे स्टेशन देहरादून आने वाले पर्यटकों, तीर्थयात्रियों, विद्यार्थियों, सैनिक परिवारों तथा देश-विदेश से आने वाले यात्रियों के लिए उत्तराखण्ड का एक आधुनिक और आकर्षक प्रवेश-द्वार सिद्ध होगा।