Uttarakhand
हरिद्वार में जन सुनवाई में डीएम सख्त, अतिक्रमण पर कार्रवाई तेज करने के निर्देश
हरिद्वार : हरिद्वार में मुख्यमंत्री के निर्देश पर आयोजित जन सुनवाई में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने लोगों की समस्याएं सुनीं। जन सुनवाई में बड़ी संख्या में शिकायतकर्ता पहुंचे, जिन्होंने अतिक्रमण, बिजली आपूर्ति और पेयजल से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
जिलाधिकारी ने कहा कि बार-बार आने वाली शिकायतों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने बताया कि शिकायतों की पुनरावृत्ति में कमी आई है, क्योंकि अधिकारी लगातार ऑनलाइन और फिजिकल माध्यम से शिकायतों के निस्तारण में जुटे हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का समयबद्ध समाधान, सुचारू बिजली आपूर्ति, पेयजल व्यवस्था और मानसून से पहले नालों-नालियों की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
