हरिद्वार : धर्मनगरी हरिद्वार में लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। बहादराबाद स्थित चमके घाट पर छठ पूजा को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने परिवारों के साथ पहुंचे और भगवान सूर्यदेव की उपासना कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
छठ महापर्व चार दिनों तक चलने वाला विशेष पर्व है। इसकी शुरुआत नहाय-खाय से होती है। पहले दिन व्रती स्नान कर शुद्धता के साथ सात्विक भोजन ग्रहण करते हैं। दूसरे दिन खरना किया जाता है, जिसमें पूरे दिन निर्जला व्रत रखने के बाद शाम को गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण किया जाता है। तीसरे दिन संध्या अर्घ्य की परंपरा निभाई जाती है। व्रती महिलाएं और पुरुष पूजा की टोकरी में फल, ठेकुआ, नारियल और अन्य पूजन सामग्री सजाकर जलाशय या घाट पर पहुंचते हैं। वहां डूबते हुए सूर्यदेव को जल अर्पित कर परिवार की सुख-शांति और संतान की लंबी आयु की कामना करते हैं।
चौथे और अंतिम दिन उषा अर्घ्य दिया जाता है। श्रद्धालु सुबह सूर्योदय से पहले घाट पर पहुंचकर उगते हुए सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करते हैं। इसके बाद व्रती पूजा संपन्न कर व्रत का पारण करते हैं। मनोज धनगर ने कहा कि छठ पूजा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि प्रकृति, सूर्य और जल के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का पर्व भी है। ऐसे आयोजनों से समाज में आपसी सद्भाव और सांस्कृतिक एकता को बढ़ावा मिलता है।