Uttarakhand
हरिद्वार पुलिस ने चोरी की वारदात का 48 घंटे में किया खुलासा, सामान भी किया बरामद
हरिद्वार : हरिद्वार में चोरी की वारदात के बाद पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर करीब 35 लाख रुपये कीमत का 12 टायरा ट्रक बरामद कर लिया है। कोतवाली श्यामपुर पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
हरिद्वार पुलिस ने चोरी की वारदात का 48 घंटे में किया खुलासा
24 अगस्त को श्यामपुर क्षेत्र की माइनिंग चेक पोस्ट से 12 टायरा ट्रक चोरी हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की पड़ताल के दौरान पुलिस ने दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने ट्रक को गैण्डीखाता क्षेत्र की जंगल की झाड़ियों में छिपाकर रखने की बात बताई। पुलिस टीम ने आरोपियों की निशानदेही पर लाल रंग का ओपन बॉडी 12 टायरा ट्रक बरामद कर लिया।
चोरी का सामान भी किया बरामद
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने ट्रक की पहचान छिपाने के लिए उसकी नंबर प्लेट भी हटा दी थी। हालांकि, पुलिस ने चेसिस और इंजन नंबर का सत्यापन कर चोरी हुए ट्रक की पहचान कर ली। मामले में पुलिस ने संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए अतिरिक्त धाराएं भी बढ़ाई हैं। हरिद्वार पुलिस का कहना है कि अपराधियों की गिरफ्तारी के साथ चोरी की संपत्ति की त्वरित बरामदगी पुलिस की प्राथमिकता है।