Uttarakhand
सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने की बड़ी घोषणा , उपनल कर्मचारियों की मौत पर 1.50 लाख रुपये की मदद….
देहरादून : उत्तराखंड के सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने उपनल के 21वें स्थापना दिवस पर आयोजित समारोह में एक महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि अब उपनल कर्मचारियों की मृत्यु के बाद उनके परिवार को 1.5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। साथ ही, राज्य के सभी जिलों के एक-एक गांव में सैनिक कल्याण के क्षेत्र में विकास कार्य किए जाएंगे।
समारोह में मंत्री जोशी ने उपनल की भूमिका पर भी प्रकाश डाला और कहा कि उपनल न केवल पूर्व सैनिकों, बल्कि वीर नारियों और उनके आश्रितों को भी रोजगार उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बताया कि अधिकतर सैनिक 35 से 40 वर्ष की आयु में सेवानिवृत्त होते हैं, और इस दौरान उनके ऊपर परिवार की जिम्मेदारियां होती हैं। ऐसे में उपनल इन पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके आश्रितों को रोजगार प्रदान कर रहा है।
मंत्री ने यह भी बताया कि उपनल की आय का 50 प्रतिशत हिस्सा अब सैनिक कल्याण वेलफेयर फंड में दिया जाएगा। इसके साथ ही, माणा आपदा को देखते हुए उपनल मुख्यमंत्री राहत कोष में 1 करोड़ रुपये की धनराशि दान करेगा।
गणेश जोशी ने कहा कि सरकार ने उपनल के मुख्यालय के लिए मुफ्त भूमि देने की सहमति दी है और अगले एक साल के भीतर उसका नया मुख्यालय बनकर तैयार हो जाएगा। इस पहल से उपनल को और अधिक प्रभावी रूप से काम करने में मदद मिलेगी।
मंत्री ने यह भी बताया कि अब तक उपनल के माध्यम से 24,746 बेरोजगारों को रोजगार उपलब्ध कराया गया है, और पिछले एक वर्ष में 2,500 पूर्व सैनिकों को विभिन्न राज्यों में नियुक्ति दी गई है। उन्होंने कहा कि उपनल को वार्षिक लगभग 40 करोड़ रुपये का सर्विस चार्ज मिलने की संभावना है, जो इसके कार्यों को और सशक्त बनाएगा।