Uttarakhand
सेना में भर्ती का बड़ा मौका, 23 नवंबर से बनबसा में होगी भर्ती रैली, 4492 युवा दिखाएंगे दम
चम्पावत : चम्पावत जनपद के युवाओं के लिए सेना में भर्ती होने का सुनहरा अवसर आने वाला है। 23 नवंबर से 29 नवंबर तक बनबसा स्थित मिलिट्री स्टेडियम में सेना भर्ती रैली आयोजित होगी। भर्ती में चम्पावत और पिथौरागढ़ जनपद के कुल 4 हजार 492 अभ्यर्थी प्रतिभाग करेंगे। भर्ती रैली को लेकर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
23 नवंबर से बनबसा में लगेगी भर्ती रैली
बनबसा में आयोजित होने वाली सेना भर्ती रैली की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में अभ्यर्थियों की संख्या के अनुरूप परिवहन, ठहरने, भोजन, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य और साफ-सफाई जैसी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि भर्ती में शामिल होने वाले युवाओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए धर्मशालाओं सहित अन्य उपयुक्त स्थानों पर ठहरने की व्यवस्था करने, एंबुलेंस और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रखने तथा शौचालयों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
4492 युवा भर्ती रैली में होंगे शामिल
भर्ती कार्यक्रम के अनुसार 23 से 25 नवंबर तक पिथौरागढ़ जनपद की विभिन्न तहसीलों के अभ्यर्थियों की अग्निवीर जीडी श्रेणी में भर्ती होगी। वहीं 26 नवंबर को चम्पावत, पाटी और पूर्णागिरि तहसीलों के 988 अभ्यर्थी प्रतिभाग करेंगे। 27 नवंबर को लोहाघाट और बाराकोट तहसीलों के अग्निवीर जीडी अभ्यर्थियों के साथ दोनों जनपदों के अग्निवीर तकनीकी और ट्रेड्समैन श्रेणी के अभ्यर्थियों की भर्ती होगी। कुल 4 हजार 492 युवाओं के लिए भर्ती प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। जबकि 28 और 29 नवंबर को चिकित्सा परीक्षण एवं दस्तावेजों की जांच होगी।
OUTRO: