Uttarakhand

सीसीटीवी के जाल में फंसा वाहन चोर गिरोह, 12 बाइक बरामद, 3 शातिर गिरफ्तार

Published

on

रुड़की : हरिद्वार के एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भगवानपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। भगवानपुर थाने में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान एसएसपी नवनीत सिंह ने वाहन चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह के पर्दाफाश की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 12 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

सीसीटीवी के जाल में फंसा वाहन चोर गिरोह

एसएसपी ने बताया कि भगवानपुर क्षेत्र से लगातार सामने आ रही वाहन चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने करीब 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और पिछले पांच वर्षों में जेल से छूटे वाहन चोरों का सत्यापन अभियान चलाया। इसी क्रम में खेलपुर रोड से खानपुर मार्ग पर पुलिस ने कुलदीप सैनी, कुलदीप कुमार और मुनव्वर को दो चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ गिरफ्तार किया।

12 बाइक बरामद, 3 शातिर गिरफ्तार

पूछताछ में आरोपियों की निशानदेही पर भगवानपुर, कलियर और हिमाचल प्रदेश के बद्दी क्षेत्र से चोरी हुई बाइकों समेत कुल 12 दोपहिया वाहन बरामद किए गए। एसएसपी ने बताया कि आरोपी कुलदीप सैनी पर 11 और कुलदीप कुमार पर दो आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि तीसरे आरोपी का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती जनपदों तक फैली जांच, सीसीटीवी की पैनी नजर और पुलिस की सतर्कता के चलते इस गिरोह का पर्दाफाश संभव हो पाया।

इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक रमेश कुमार सैनी, उपनिरीक्षक मुकेश नौटियाल, आशीष नेगी, नीरज रावत, सुनीत दत्त, बालाराम जोशी तथा पुलिस टीम के अन्य सदस्यों ने अंजाम दिया। पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई ने वाहन चोरों में हड़कंप मचा दिया है।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version