Uttarakhand
सीएम धामी का हरिद्वार दौरा, गंगा कॉरिडोर को रफ्तार और कांवड़ तैयारियों की समीक्षा
हरिद्वार : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज हरिद्वार दौरे पर पहुंचे। जहां उन्होंने होटल अलकनंदा में उत्तराखंड निवेश और आधारिक संरचना विकास बोर्ड द्वारा संचालित हरिद्वार गंगा कॉरिडोर से जुड़ी तीन महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का भूमि पूजन और शिलान्यास किया।
सीएम धामी ने गंगा कॉरिडोर का किया शिलान्यास
सीएम धामी आज हरिद्वार पहुंचे, जहां उन्होंने गंगा कॉरिडोर को रफ्तार और कांवड़ तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, मदन कौशिक, राम सिंह कैड़ा, प्रदीप बत्रा सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इसके बाद मुख्यमंत्री सीसीआर परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और पिछले वर्ष लगाए गए पौधों का निरीक्षण कर उनकी देखरेख की जानकारी ली।
गंगा कॉरिडोर को रफ्तार और कांवड़ तैयारियों की समीक्षा
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कांवड़ मेला-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और भव्य बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि शिवभक्त कांवड़ियों की सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, महिलाओं के लिए अलग शौचालय, यातायात और अन्य सभी व्यवस्थाओं को लेकर विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। साथ ही स्थानीय नागरिकों को भी किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
गंगा कॉरिडोर देगा हरिद्वार की धार्मिक पहचान को नई ऊंचाई
मुख्यमंत्री ने कहा कि गंगा कॉरिडोर परियोजनाएं हरिद्वार की धार्मिक और आध्यात्मिक पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगी। जिससे पर्यटन, स्थानीय व्यापार और रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा। इसके बाद मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में मेला नियंत्रण भवन सभागार में कांवड़ मेला-2026 की तैयारियों को लेकर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक शुरू हुई।