Uttarakhand
शादी और सरकारी नौकरी का झांसा, नर्सिंग स्टाफ से 32 लाख ठगे; आरोपी नेपाल भागने की फिराक में गिरफ्तार
देहरादून: सरकारी नौकरी का सपना और शादी का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को देहरादून पुलिस ने पिथौरागढ़ के एंचोली क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस के मुताबिक आरोपी चारू चन्द्र जोशी ने खुद को स्वास्थ्य विभाग में ड्रग इंस्पेक्टर बताकर एक नर्सिंग स्टाफ से करीब 32 लाख रुपये की धोखाधड़ी की थी।
आरोपी पर पहले भी नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी समेत कई आपराधिक मामले दर्ज होने की बात पुलिस ने बताई है।
शादी डॉट कॉम से हुई थी महिला से मुलाकात
पुलिस के अनुसार, पीड़िता एक निजी अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ के पद पर कार्यरत है। उसकी मुलाकात आरोपी से शादी डॉट कॉम के माध्यम से हुई थी।
आरोप है कि चारू चन्द्र जोशी ने खुद को स्वास्थ्य विभाग में ड्रग इंस्पेक्टर बताया और अधिकारियों से अपनी अच्छी पहचान होने का दावा किया। इसके बाद उसने पीड़िता से शादी करने और उसे स्वास्थ्य विभाग में सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा दिया।
इसी झांसे में अलग-अलग तारीखों में पीड़िता से करीब 32 लाख रुपये ऐंठ लिए गए।

नेपाल भागने की फिराक में था आरोपी
17 अगस्त 2026 को पीड़िता की शिकायत पर थाना नेहरू कॉलोनी में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की।
जांच में पता चला कि आरोपी पुलिस से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था और पिथौरागढ़ के रास्ते नेपाल भागने की फिराक में था।
इसके बाद देहरादून पुलिस ने पिथौरागढ़ पुलिस से संपर्क किया और 21 अगस्त को आरोपी को एंचोली क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। ट्रांजिट रिमांड के बाद उसे देहरादून लाया गया।
पहले स्वास्थ्य विभाग में फार्मासिस्ट था आरोपी
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी वर्ष 2016 में स्वास्थ्य विभाग में संविदा पर फार्मासिस्ट के पद पर काम कर चुका है। पुलिस के अनुसार वर्ष 2022 में नैनीताल में उसके खिलाफ धोखाधड़ी और दुष्कर्म के मामले दर्ज हुए थे, जिसके बाद उसे जेल भेजा गया और स्वास्थ्य विभाग की नौकरी से हटा दिया गया।
पुलिस का कहना है कि जेल से बाहर आने के बाद आरोपी ने अपनी पुरानी विभागीय पहचान का इस्तेमाल कर लोगों को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देना शुरू कर दिया।
चयन प्रक्रिया से जुड़े किसी व्यक्ति से संपर्क नहीं मिला
पुलिस के मुताबिक अब तक की जांच में आरोपी के किसी परीक्षा एजेंसी या सरकारी नौकरी की चयन प्रक्रिया से जुड़े व्यक्ति के संपर्क में होने के साक्ष्य नहीं मिले हैं। पुलिस उसके द्वारा किए गए अन्य संभावित फ्रॉड की भी जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान: चारू चन्द्र जोशी, उम्र 34 वर्ष, निवासी ग्राम सिली, पोस्ट गरुड़, थाना बैजनाथ, बागेश्वर।