Uttarakhand
लोहाघाट में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, शैलजा की जनसभा में उमड़ा जनसैलाब
लोहाघाट : 2027 विधानसभा चुनाव से पहले लोहाघाट की सियासत में कांग्रेस ने अपनी ताकत का जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा की मौजूदगी में लोहाघाट के रामलीला मैदान में विशाल जनसभा आयोजित हुई। ढोल-नगाड़ों के साथ पहुंचे कार्यकर्ताओं और समर्थकों से पूरा मैदान खचाखच भर गया। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की भारी भीड़ के बीच कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, महंगाई और पेपर लीक को लेकर जमकर हमला बोला।
लोहाघाट का रामलीला मैदान… ढोल-नगाड़ों की गूंज… कांग्रेस के झंडे और हजारों की भीड़… नजारा किसी चुनावी शक्ति प्रदर्शन से कम नहीं था। मौका था कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा की जनसभा का। मंच पर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, विधायक खुशाल सिंह अधिकारी, पूर्व विधायक रंजीत रावत, हेमेश खर्कवाल और जिलाध्यक्ष चिराग फर्त्याल समेत कई दिग्गज नेता मौजूद रहे।
जनसभा में कांग्रेस नेताओं के निशाने पर केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की धामी सरकार रही। उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी ने मुख्यमंत्री पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए सरकार को घेरा। अंकित भंडारी प्रकरण और हल्द्वानी में एबीवीपी नेता से जुड़े विवाद को लेकर भी भाजपा पर सवाल दागे गए। वहीं कुमारी शैलजा ने वोट चोरी, चंदा चोरी, पेपर लीक और महंगाई के मुद्दे उठाते हुए मोदी और धामी सरकार पर तीखा हमला बोला। कांग्रेस नेताओं ने बेरोजगारी, पलायन और बदहाल स्वास्थ्य एवं शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी सरकार को घेरा।