Uttarakhand
रोड कटिंग विवाद में युवक की हत्या, पोकलैंड ऑपरेटर हरियाणा से गिरफ्तार |

पौड़ी: जनपद पौड़ी गढ़वाल के सतपुली क्षेत्र में बीते शनिवार रात हुए एक सनसनीखेज हत्या मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी पोकलैंड ऑपरेटर को हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया है। मामला 7 जून 2025 की रात का है, जब सुमन देवरानी अपने साथी के साथ गुमखाल से सतपुली की ओर लौट रहे थे।
रास्ते में मल्ली सतपुली के पास रोड कटिंग का कार्य चल रहा था…जहाँ जेसीबी (पोकलैंड) ऑपरेटर से सुमन देवरानी का किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि ऑपरेटर प्रवीण सिंह बर्थवाल ने पोकलैंड मशीन के बकेट से सुमन पर हमला कर दिया…जिससे मौके पर ही सुमन की मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया।
इस मामले में थाना सतपुली में मु.अ.सं. 06/2025, धारा 103(1) बी.एन.एस. के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी लोकेश्वर सिंह ने तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश जारी किए।
पुलिस ने घटना के अनावरण के लिए अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार चन्द्रमोहन सिंह, पुलिस उपाधीक्षक सदर त्रिवेन्द्र सिंह राणा, और थानाध्यक्ष सतपुली जगमोहन सिंह रमोला के नेतृत्व में अलग-अलग टीमें गठित कीं। फॉरेंसिक जांच के साथ-साथ पुलिस ने तकनीकी और मैन्युअल दोनों तरीकों से जांच को आगे बढ़ाया।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने आरोपी प्रवीण सिंह बर्थवाल पुत्र जसपाल सिंह, निवासी चुनार, मारवाड़ी, जोशीमठ, चमोली को 9 जून की रात यमुनानगर, हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया। आज आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।