Uttarakhand
रूस के वेटरनरी मेडिसिन के छात्रों और संकाय सदस्यों ने राज्यपाल गुरमीत सिंह से की भेंट…..

देहरादून : मंगलवार को राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) से सेंट पीटर्सबर्ग स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ वेटरनरी मेडिसिन, रूस के छात्रों और संकाय सदस्यों ने राजभवन में भेंट की। यह 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल 5 फरवरी से 16 फरवरी तक गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर के शैक्षणिक भ्रमण पर है। इस दौरान वे वेटरनरी एंड एनिमल साइंस कॉलेज के संकाय सदस्यों के साथ चर्चा और शोध व तकनीकी जानकारियों का आदान-प्रदान कर रहे हैं।
राज्यपाल गुरमीत सिंह ने रूस से आए छात्रों का गर्मजोशी से स्वागत किया और उनके अनुभवों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने भारत और रूस के बीच वर्षों से चले आ रहे मैत्रीपूर्ण संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि इस प्रकार की शैक्षणिक साझेदारी दोनों देशों के बीच शोध, अकादमिक सहयोग और नवाचार को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उन्होंने इस अवसर पर कहा, “गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर और सेंट पीटर्सबर्ग स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ वेटरनरी मेडिसिन के बीच हुआ समझौता, पशु चिकित्सा विज्ञान में शोध एवं प्रशिक्षण को सुदृढ़ करेगा।” उन्होंने इस समझौते को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे छात्र विनिमय कार्यक्रम, अनुसंधान परियोजनाएं और शैक्षणिक संवाद को मजबूती मिलेगी।
राज्यपाल ने इस सहयोग को शैक्षणिक उत्कृष्टता और अनुसंधान-आधारित प्रगति की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए भविष्य में और अधिक छात्र-शिक्षक आदान-प्रदान को प्रोत्साहित करने का आग्रह किया।