Uttarakhand
रूड़की में बकाया भुगतान को लेकर गरजे किसान, तीन दिन का अल्टीमेटम
रुड़की : रुड़की के भगवानपुर तहसील परिसर में उस समय किसानों का गुस्सा खुलकर सामने आया जब भारतीय किसान यूनियन रोड संगठन की मासिक पंचायत में किसानों से जुड़े कई अहम मुद्दों को लेकर जोरदार हुंकार भरी गई।
बकाया भुगतान को लेकर गरजे किसान
पंचायत में सबसे बड़ा मुद्दा इकबालपुर शुगर मिल पर बकाया गन्ना भुगतान का रहा। किसानों ने आरोप लगाया कि लंबे समय से भुगतान न मिलने के कारण उन्हें आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा चकबंदी की समस्याएं, क्षेत्र में बदहाल बिजली व्यवस्था, लगातार बारिश से फसलों को हुए नुकसान का उचित मुआवज़ा और अन्य किसान हितों से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया गया।
किसानों ने दिया तीन दिन का अल्टीमेटम
पंचायत को संबोधित करते हुए भारतीय किसान यूनियन रोड संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पदम सिंह रोड ने प्रशासन पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाया और दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि अब किसानों का धैर्य जवाब दे चुका है। उन्होंने कहा कि किसानों की सभी समस्याओं से संबंधित मांगपत्र भगवानपुर एसडीएम को सौंप दिया गया है।
अगर तीन दिन के भीतर बकाया गन्ना भुगतान सहित सभी मांगों पर ठोस और संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई तो भारतीय किसान यूनियन रोड संगठन राजधानी देहरादून में मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। पंचायत के दौरान बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे और सभी ने एकजुट होकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।