Uttarakhand

रुड़की में मिलावटी सॉस की फैक्ट्री सील…

Published

on

रुड़की में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई ने फास्ट फूड प्रेमियों की चिंता बढ़ा दी है। अगर आप भी चाउमीन, मोमोज़ या अन्य फास्ट फूड के साथ टमाटर सॉस और सोया सॉस का भरपूर इस्तेमाल करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद अहम है। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के मतलबपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने एक संदिग्ध सॉस निर्माण इकाई पर छापेमारी कर कथित मिलावट के बड़े खेल का खुलासा किया। जांच के दौरान सामने आया कि टमाटर सॉस और सोया सॉस तैयार करने में कथित रूप से खतरनाक रंगों और अन्य संदिग्ध सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा था। अधिकारियों के पहुंचते ही फैक्ट्री में अफरा-तफरी मच गई। टीम ने मौके पर तैयार सॉस और कच्चे माल को नष्ट कराया तथा फैक्ट्री को तत्काल प्रभाव से बंद कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। गढ़वाल मंडल के खाद्य सुरक्षा विभाग के कमिश्नर राजेन्द्र सिंह रावत ने बताया कि विभाग को लंबे समय से मिलावटी सॉस की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई। अब यह भी जांच की जा रही है कि फैक्ट्री का लाइसेंस किन परिस्थितियों में जारी हुआ, क्या सभी मानकों का पालन किया गया था और मिलावटी उत्पाद किन-किन बाजारों तक पहुंचाए जा रहे थे। विभाग ने साफ किया है कि दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version