Uttarakhand
रामनगर में संविदा लाइनमैन मौत मामले में बड़ी कार्रवाई, हत्या और अपहरण केस में दो गिरफ्तार
रामनगर : रामनगर में बिजली विभाग के संविदा कर्मचारी की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या और अपहरण के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। मृतक की पत्नी की तहरीर पर पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
रामनगर में बीते दिनों बिजली विभाग में कार्यरत संविदा लाइनमैन देवेंद्र कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। मामले में मृतक की पत्नी सुमन देवी निवासी बैलपड़ाव ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बिजली विभाग के कुछ कर्मचारियों और एक ठेकेदार पर गंभीर आरोप लगाए। तहरीर में कहा गया कि उनके पति देवेंद्र कुमार उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन के बैलपड़ाव सब स्टेशन में संविदा पर लाइनमैन के पद पर तैनात थे। आरोप है कि विभाग के कुछ कर्मचारी और ठेकेदार उन्हें लगातार परेशान कर रहे थे, जिससे वह मानसिक तनाव में थे।
परिजनों का आरोप है कि बिजली विभाग के जेई होशियार सिंह भंडारी, दर्शन जोशी, कमल भट्ट, विशाल और काशीपुर के एक ठेकेदार ने रामनगर में देवेंद्र कुमार का अपहरण कर उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज की, जिसके बाद उनकी हत्या कर दी गई। मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी की तहरीर पर हत्या और अपहरण की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीद गवाहों के बयानों के आधार पर आरोपी होशियार सिंह भंडारी निवासी सल्ट अल्मोड़ा हाल निवासी घासमंडी बिजलीघर रामनगर और विशाल सैनी निवासी भवानीपुर सलिया गेबुआ कालाढूंगी को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है।