Uttarakhand

रामनगर में नकली किन्नर बनकर वसूली का मामला, किन्नर समाज ने आरोपियों को शहर से भगाया

Published

on

रामनगर: नैनीताल जिले के रामनगर में नकली किन्नरों के सक्रिय होने का मामला सामने आने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है. नैनीताल जिले के रामनगर में कुछ लोग खुद को किन्नर बताकर अवैध रूप से बधाई और पैसे मांग रहे थे. इस पूरे घटनाक्रम का खुलासा रामनगर किन्नर समाज की गुरु रेशमा ने किया, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया.

रामनगर में नकली किन्नरों का पर्दाफाश 

जानकारी के मुताबिक, सोमवार को रामनगर के कोसी बैराज के पास स्थित एक पार्क में दो संदिग्ध व्यक्ति लोगों से जबरन पैसे मांगते हुए पाए गए. वो खुद को किन्नर बताकर राहगीरों और स्थानीय लोगों से उगाही कर रहे थे. इसी दौरान इसकी सूचना किन्नर समाज के सदस्यों को मिली, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे और दोनों को पकड़ लिया.

आरोपी राहगीरों से किन्नर बन वसूल रहे पैसे 

पूछताछ में सामने आया कि पकड़े गए दोनों लोग किन्नर समाज से कोई संबंध नहीं रखते. गुरु रेशमा ने बताया कि ये दोनों उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के निवासी हैं और इससे पहले भी रोडवेज बस स्टेशन व अन्य सार्वजनिक स्थानों पर इसी तरह की गतिविधियों में शामिल रहे हैं. उनके मुताबिक, ऐसे लोग किन्नर समाज की छवि को नुकसान पहुंचा रहे थे और लोगों में भय का माहौल बना रहे थे.

आरोपियों को किन्नर समाज ने रामनगर से भगाया 

इसके बाद किन्नर समाज ने सख्त रुख अपनाते हुए दोनों को रामनगर से बाहर भगा दिया और उन्हें वापस भदोही भेज दिया गया. गुरु रेशमा ने प्रशासन से अपील की कि भविष्य में ऐसे नकली किन्नरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए. साथ ही आम लोगों से भी आग्रह किया गया कि यदि कहीं इस तरह की गतिविधि दिखे, तो तुरंत पुलिस या स्थानीय किन्नर समाज को सूचना दें.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version