Uttarakhand

मॉनसून की उत्तराखंड से विदाई की आई डेट, पिछले साल की तुलना 2024 में 9 फीसदी ज्यादा हुई बारिश

Published

on

उत्तराखंड में इस मॉनसून सीजन में पिछले साल के मुकाबले ज्यादा बारिश हुई। इस साल प्रदेश में मानसून 27 जून को पहुंचा था। इस साल सामान्य से नौ फीसदी ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की जा चुकी है। 

पिछले साल 2023 में 24 जून को उत्तराखंड में मॉनसून आया और छह अक्तूबर को विदा हुआ। इस दौरान 1203.3 एमएम बारिश हुई, जो सामान्य 1162.7 से तीन फीसदी ज्यादा थी। इस साल प्रदेश में मानसून 27 जून को पहुंचा। 

अब तक 1221.9 एमएम बारिश हो चुकी है, जो सामान्य बारिश 1118.4 एमएम से नौ फीसदी ज्यादा है। मौसम वज्ञिान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक रोहित थपलियाल के मुताबिक उत्तराखंड में मानसून सीजन 30 सितंबर तक होता है।

मॉनसून 25 सितंबर के बाद विदा होने के आसार

आगामी 25 सितंबर तक उत्तराखंड से मानसून के विदा होने की संभावना है। इससे पहले पहाड़ों में अच्छी बारिश के आसार हैं। पंतनगर विवि के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह ने बताया कि अगले एक हफ्ते तक मानसून प्रभावी रहेगा। 

22 सितंबर के बाद राजस्थान से मानसून की विदाई की संभावना दिख रही है। राज्य में 25 सितंबर के बाद मानसून विदा हो सकता है। पिछले साल मानसून छह अक्तूबर को राज्य से विदा हुआ था।

मसूरी में दिनभर हुई बारिश

मसूरी में बुधवार दिनभर हुई बारिश से जनजीवन प्रभावित रहा। साथ में तेज हवा चलने से एकाएक ठंड भी बढ़ गई। शाम को लोग गर्म कपड़े पहने नजर आए। अन्य दिनों की अपेक्षा बुधवार को माल रोड पर पर्यटकों की चहल कदमी भी कम रही। दिल्ली निवासी सिमरन और मानसी ने बताया कि बारिश के चलते वह मसूरी का आनंद भी नहीं उठा पाए।

देहरादून-मसूरी मोटर मार्ग मलबा आने के कारण दो घंटे रहा बंद

पानी वाले बैंड के पास मलबा आने से मसूरी-देहरादून मार्ग मंगलवार रात बंद हो गया। मार्ग बंद होने से सड़क के दोनों ओर जाम लग गया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद मलबा हटाया गया। बैंड के निकट पहाड़ी से लगातार हो रहे भूस्खलन से कोल्हूखेत गांव के लोग दहशत में हैं। यहां लगातार भूस्खलन हो रहा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version