Uttarakhand
मसूरी में दर्दनाक हादसा, 500 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, चार की मौत
मसूरी : पहाड़ों की रानी मसूरी में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। झड़ीपानी कोलुखेत शार्टकट रोड कमें एक कार अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में चार लोग जिसमें 2 महिला , एक युवक ओर एक पुरुष की मौके पर मौत हो गई।
मसूरी में 500 मीटर गहरी खाई में गिरी कार
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 9:16 बजे पुलिस कंट्रोल रूम 112 के माध्यम से कोतवाली मसूरी को सूचना मिली कि झड़ीपानी रोड पर एक कार गहरी खाई में गिर गई है। सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और 108 एंबुलेंस की टीमें तत्काल मौके के लिए रवाना हुईं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सफेद रंग की मारुति सिलेरियो कार सड़क किनारे एक दुकान पर रुकी थी। कार में सवार लोग उत्तरकाशी से आने की बात बता रहे थे। दुकान से सामान खरीदने के बाद जैसे ही वे कार में बैठे, वाहन अचानक तीव्र ढलान की ओर तेजी से लुढ़कने लगा। चालक कार पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन सड़क से नीचे खाली प्लॉट को पार करते हुए गहरी खाई में समा गया।
हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत
हादसे में चार लोगों सत्यप्रकाश निवासी सोनीपत, मनीत (19 वर्ष), सविता (48 वर्ष) पत्नी धर्मवीर निवासी नेहरू नगर गाजियाबाद तथा संगीता (46 वर्ष) पत्नी टीटू निवासी करोलबाग, दिल्ली की मौके पर ही मौत हो गई। प्रथम दृष्टया जांच में सामने आया है कि सड़क की तीव्र ढलान पर कार के ब्रेक फेल हो गए थे, जिसके कारण वाहन अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर नीचे खाई में जा गिरा। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।