Uttarakhand

मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में तेजी, 17 जून तक शत-प्रतिशत गणना प्रपत्र वितरण का लक्ष्य

Published

on

पौड़ी गढ़वाल : पौड़ी गढ़वाल में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी एफ आर चौहान ने सभी संबंधित अधिकारियों को 17 जून तक गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को अद्यतन, त्रुटिरहित एवं अधिक विश्वसनीय बनाने के लिए निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित की जाए तथा कम प्रगति वाले बूथों पर विशेष ध्यान दिया जाए।

अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में जनपद के समस्त उप जिलाधिकारियों (निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी), तहसीलदारों (सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी) एवं अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। बैठक में विधानसभा क्षेत्रवार विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गयी।

उन्होंने निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समयसीमा के अनुरूप गणना प्रपत्रों का वितरण हर हाल में पूर्ण किया जाए। जिन विधानसभा क्षेत्रों एवं मतदान केंद्रों में प्रगति अपेक्षाकृत कम है, वहां विशेष अभियान संचालित कर कार्य में तेजी लाई जाए तथा दैनिक स्तर पर निगरानी सुनिश्चित की जाए।

बैठक में बूथ स्तर अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा किए जा रहे डिजिटाइजेशन कार्य की भी समीक्षा की गयी। अपर जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जिन बूथों पर डिजिटाइजेशन कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है, वहां इसे तत्काल शुरू कराया जाए। उन्होंने कहा कि गणना प्रपत्र वितरण एवं डिजिटाइजेशन कार्य दोनों को समान गति से आगे बढ़ाते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाए।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version