Uttarakhand
भीमताल में घास लेने जंगल गई महिला को गुलदार ने बनाया निवाला, इलाके में दहशत
नैनीताल : नैनीताल जिले के भीमताल में गुलदार ने एक महिला को निवाला बना लिया। महिला पालतू जानवरों के लिए घास लेने के लिए जंगल गई थी। इस घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है।
भीमताल में घास लेने जंगल गई महिला को गुलदार ने बनाया निवाला
भीमताल क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां जंगल में गई एक महिला को गुलदार ने अपना शिकार बना लिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में डर और गुस्से का माहौल बना हुआ है। जानकारी के अनुसार, महिला दोपहर में मवेशियों के लिए चारा लेने जंगल गई थी, लेकिन शाम तक घर नहीं लौटी। इससे चिंतित परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की मगर कोई सुराग नहीं मिला।
देर रात जंगल से बरामद किया गया शव
बाद में मामले की सूचना प्रशासन और वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन शुरू किया। देर रात जंगल से महिला का शव गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हालत में बरामद हुआ। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि गुलदार के हमले में उसकी जान गई।
गुलदार के हमले में महिला की मौत के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से गुलदार की गतिविधियां बढ़ी हुई हैं। कई बार वन विभाग से पिंजरा लगाने और गश्त बढ़ाने की मांग की गई, लेकिन उनकी शिकायतों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई।