Uttarakhand
प्लॉट बेचने के नाम पर ऐसे दिया झांसा, 40 लाख हड़प कर आरोपी फरार
प्लॉट दिलाने का झांसा देकर दो लोगों ने फर्जी अनुबंध पत्र बनाकर चालीस लाख रुपये की धोखाधड़ी कर दी। पीड़ित ने आरोपियों के विरुद्ध नेहरू कॉलोनी थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। इनमें एक टिहरी गढ़वाल और दूसरा देहरादून का ही निवासी है।
रणजीत सिंह असवाल निवासी निवासी सेक्टर एक, डिफेंस कॉलोनी ने नेहरू कॉलोनी थाने में तहरीर दी है। रणजीत सिंह ने पुलिस को बताया कि उन्हें भवन निर्माण और रिश्तेदारों के लिए जमीन की आवश्यकता थी।
परिचित विनय पंवार ने उन्हें प्रदीप सकलानी से मिलवाया। प्रदीप ने बद्रीपुर में एक आवासीय प्लॉट दिखाते हुए कहा कि वह इसके विक्रय के लिए अधिकृत हैं। प्रदीप ने उन्हें बताया कि इस प्लॉट के मूल मालिक मनमोहन शर्मा हैं।
रणजीत ने विश्वास जताते हुए टोकन मनी के रूप में एक लाख और बाद में 48 लाख नगद और एक लाख बैंक के माध्यम से कुल 50 लाख का भुगतान कर दिया। इसके बाद आरोपी पक्ष ने रजिस्ट्री नहीं करवाई।
तब पीड़ित को पता लगा कि फर्जी अनुबंध पत्र के जरिए उनसे धोखाधड़ी की गई। दबाव बनाने पर आरोपी पक्ष ने दस लाख रुपये वापस कर दिए, लेकिन शेष रकम नहीं दी। थानाध्यक्ष नेहरू कॉलोनी मोहन सिंह ने बताया कि प्रदीप सकलानी निवासी पुजारगांव, टिहरी गढ़वाल और मनमोहन शर्मा निवासी शिवा एन्क्लेव, जीएमएस रोड के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।