Uttarakhand

पौड़ी में स्वतंत्रता दिवस पर देशभक्ति का उल्लास, तिरंगे के रंग में रंगा पूरा जनपद

Published

on

पौड़ी: 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूरा पौड़ी जनपद देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। शहर से लेकर गांव तक तिरंगे की आन, बान और शान के साथ स्वतंत्रता दिवस का उत्साह देखने को मिला। भारत माता के जयघोष और राष्ट्रभक्ति के नारों से वातावरण गूंज उठा।

छात्र-छात्राओं ने निकाली भव्य प्रभात फेरी

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने एजेंसी चौक से कलेक्ट्रेट तक भव्य प्रभात फेरी निकाली। हाथों में तिरंगा और जुबां पर देशभक्ति के नारे लिए बच्चों ने पूरे शहर में उत्साह और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।

प्रभारी मंत्री मदन कौशिक ने किया ध्वजारोहण

जिला मुख्यालय में प्रभारी मंत्री मदन कौशिक ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इस दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में प्रभारी मंत्री और जिलाधिकारी ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रगान के दौरान पूरा परिसर देशभक्ति के भाव से सराबोर नजर आया।

‘नशामुक्त भारत’ की दिलाई शपथ

संस्कृति विभाग के प्रेक्षागृह में आयोजित मुख्य समारोह का शुभारंभ प्रभारी मंत्री मदन कौशिक, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, विधायक राजकुमार पोरी, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया और नगर पालिकाध्यक्ष हिमानी नेगी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान प्रभारी मंत्री ने उपस्थित लोगों को ‘नशामुक्त भारत’ की शपथ दिलाई।

शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को किया नमन

प्रभारी मंत्री मदन कौशिक ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को नमन किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि वीर सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी जिम्मेदारी दोहराने का दिन है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में देश और उत्तराखंड विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहे हैं। विकसित भारत के संकल्प में उत्तराखंड भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

 

पौड़ी की मिट्टी ने दिए देश को वीर सपूत

मदन कौशिक ने कहा कि पौड़ी वीर सैनिकों की धरती है। यहां की मिट्टी ने देश को ऐसे वीर सपूत दिए हैं, जिन्होंने तिरंगे की आन, बान और शान के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।

उन्होंने युवाओं और बच्चों को प्रदेश की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए उनसे नशे से दूर रहने, अपने लक्ष्य निर्धारित करने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

बेटियों की शिक्षा और विरासत के संरक्षण पर जोर

प्रभारी मंत्री ने बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान को समाज की जिम्मेदारी बताते हुए गांवों को मजबूत करने और उत्तराखंड की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर भी जोर दिया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की चुनौतियों को अवसरों में बदलने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। सामूहिक प्रयासों से ही सशक्त, स्वावलंबी और आत्मनिर्भर उत्तराखंड के निर्माण का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version