Uttarakhand
पुलिस ने गुमशुदा नाबालिग किशोरी को किया बरामद, एक आरोपी पर मुकदमा दर्ज
अल्मोड़ा: उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले से गुमशुदा हुई एक नाबालिग किशोरी पुलिस कार्रवाई में हरियाणा के गुड़गांव से सकुशल बरामद की गई है. साथी ही पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है.
अल्मोड़ा पुलिस ने गुमशुदा किशोरी को किया बरामद
जानकारी के मुताबिक, 27 जनवरी 2026 को राजस्व क्षेत्र के एक गांव से नाबालिग किशोरी के लापता होने की सूचना राजस्व पुलिस को दी गई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए 29 जनवरी को इसकी विवेचना नियमित पुलिस को सौंप दी गई और जांच कोतवाली द्वाराहाट के अधीन आ गई. इसके बाद एसएसपी देवेंद्र पींचा के निर्देश पर किशोरी की तलाश और संभावित आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार विशेष पुलिस टीमें गठित की गईं, जिनकी निगरानी अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह और क्षेत्राधिकारी रानीखेत विमल प्रसाद द्वारा की गई.
किशोरी को गुरुग्राम से बरामद कर किया परिजनों के सुपुर्द
जांच के दौरान प्रभारी निरीक्षक विनोद जोशी और एसओजी प्रभारी सुनील धानिक के नेतृत्व में पुलिस ने व्यापक स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया. इस दौरान सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया गया और सर्विलांस टीम की मदद से तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए. जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, पुलिस टीमें दिल्ली, गुड़गांव और बिहार के माधोपुर क्षेत्र सहित कई स्थानों पर सक्रिय रहीं. लगातार प्रयासों के बाद 31 जनवरी को पुलिस को बड़ी सफलता मिली और गुमशुदा किशोरी को गुड़गांव से सकुशल बरामद कर लिया गया.
पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर दर्ज किया मुकदमा
बरामदगी के दौरान खुशदिल (20 वर्ष), पुत्र मोहम्मद मुस्ताक, निवासी माधोपुर, थाना छातापुर, जिला सुपौल (बिहार) को गिरफ्तार किया गया. जिसके बाद किशोरी को आवश्यक औपचारिकताओं के पश्चात परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया. पीड़िता के बयान के आधार पर मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2), 64 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4 जोड़ी गई हैं. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि विवेचना जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.