Uttarakhand

देहरादून में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई, पुलिस ने चालान के साथ बांटे हेलमेट

Published

on

देहरादून: सड़क सुरक्षा को लेकर देहरादून पुलिस ने जागरूकता और कार्रवाई का अभियान तेज कर दिया है। अब दोपहिया वाहन पर पीछे बैठने वाले व्यक्ति के हेलमेट नहीं पहनने पर भी पुलिस वाहन चालक के खिलाफ चालान कर रही है। रविवार को शहर के प्रमुख चौराहों पर चलाए गए अभियान में पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वालों को सबक सिखाने के साथ सुरक्षित सफर का संदेश भी दिया।

एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण/यातायात की अगुवाई में यातायात पुलिस ने यह अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान जिन दोपहिया वाहनों पर पीछे बैठी सवारी बिना हेलमेट के मिली, उनके चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

इस दौरान पुलिस ने लोगों को बताया कि सड़क पर सुरक्षा की जिम्मेदारी केवल वाहन चलाने वाले की नहीं, बल्कि पीछे बैठने वाले यात्री की भी है। बिना हेलमेट सफर करने वाले पिलियन राइडर्स को पुलिस ने हेलमेट बांटे और इसके इस्तेमाल की जरूरत समझाई।

अभियान में नियमों का पालन करने वाले लोगों को भी प्रोत्साहित किया गया। जिन दोपहिया वाहनों पर चालक और पीछे बैठा यात्री, दोनों हेलमेट पहने हुए मिले, उन्हें पुलिस अधिकारियों ने फूल देकर सम्मानित किया। इस पहल के जरिए पुलिस ने दूसरे वाहन चालकों को भी यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदार बनने का संदेश दिया।

पुलिस ने वाहन चालकों से तेज रफ्तार में वाहन न चलाने, नशे की हालत में ड्राइविंग से बचने, कार में सीट बेल्ट लगाने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की।

दून पुलिस के मुताबिक, पिछले पांच दिनों के भीतर पीछे बैठी सवारी के हेलमेट नहीं पहनने पर 315 वाहन चालकों के चालान किए जा चुके हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version