Uttarakhand
देहरादून फायरिंग कांड का खुलासा, शादी की रंजिश में चली थीं गोलियां, तीन गिरफ्तार
देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में रिंग रोड स्थित शराब के ठेके के बाहर हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य आरोपी अक्षय प्रधान और उसके अन्य साथियों की तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस जांच के अनुसार, इस वारदात की जड़ बिजनौर में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान हुआ पुराना विवाद बताया जा रहा है। उसी रंजिश के चलते आरोपियों ने फायरिंग की घटना को अंजाम दिया।
घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर पांच विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया। साथ ही घायलों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर घटना से जुड़े अहम सुराग जुटाए।
जांच में सामने आया कि 3 जुलाई की रात करीब 9 बजे कमेंद्र शर्मा अपने साथियों नवीन राणा और रोहन कुमार के साथ रिंग रोड स्थित शराब के ठेके के बाहर मौजूद था। इसी दौरान तीन से चार युवक वहां पहुंचे और पिस्टल से दो राउंड फायरिंग कर दी। गोलीबारी में नवीन राणा के कंधे में गोली लगी, जबकि कमेंद्र शर्मा के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया।
पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। वहीं, मुख्य आरोपी अक्षय प्रधान सहित अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।