Uttarakhand

देहरादून के विकासनगर में आतंकी साजिश नाकाम, एक पाकिस्तानी हैंडलर गिरफ्तार

Published

on

देहरादून : उत्तराखण्ड स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए प्रेमनगर क्षेत्र से आतंकी गतिविधियों में संलिप्त एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 29 वर्षीय विक्रांत कश्यप, निवासी झाझरा (प्रेमनगर) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में उसके संपर्क पाकिस्तान स्थित आतंकी नेटवर्क से जुड़े पाए गए हैं।

देहरादून के विकासनगर में आतंकी साजिश नाकाम

देहरादून के विकासनगर में STF ने आतंकी साजिश को नाकाम किया है। यहां से आतंकी गतिविधियों में संलिप्त एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। STF के अनुसार, आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के माध्यम से पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी के संपर्क में था और उसके निर्देशों पर कार्य कर रहा था। वह देहरादून के महत्वपूर्ण सरकारी एवं सैन्य संस्थानों की लोकेशन तथा वीडियो फुटेज एकत्र कर पाकिस्तान भेज रहा था।

कई संवेदनशील स्थानों की रेकी कर पाकिस्तान भेजी थी जानकारी

जांच में ये भी सामने आया है कि आरोपी को आईएसबीटी, पुलिस मुख्यालय सहित कई संवेदनशील स्थानों की रेकी करने और उनकी जानकारी साझा करने के निर्देश दिए गए थे। इसके अतिरिक्त, उसे “तहरीक-ए-तालिबान-हिन्दुस्तान (TTH)” के नाम से सार्वजनिक स्थानों पर स्प्रे पेंट के माध्यम से दहशत फैलाने का कार्य भी सौंपा गया था, जिसे उसने शहर के विभिन्न स्थानों पर अंजाम दिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह पंजाबी गायक Sidhu Moose Wala का प्रशंसक था और उनकी हत्या के बाद बदले की भावना से प्रभावित हुआ।

सोशल मीडिया से आया था पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में

पूछताछा में उसने बताया कि वो सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में आया। STF के अनुसार, आरोपी को दिल्ली में एक संगठन के कार्यकर्ताओं तथा सुप्रीम कोर्ट के एक अधिवक्ता पर हमला करने का कार्य भी सौंपा गया था। इसके बदले उसे नेपाल के रास्ते दुबई भेजने और आर्थिक सहायता प्रदान करने का प्रलोभन दिया गया था।

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से एक 32 बोर पिस्टल, सात जिंदा कारतूस, एक स्प्रे पेंट कैन और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। मोबाइल से प्राप्त जानकारी के आधार पर अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर विस्तृत जांच जारी है। STF के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि राज्य में राष्ट्रविरोधी गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जा रही है तथा इस प्रकार के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version