Uttarakhand
टिहरी जिले में लगातार बारिश का सिलसिला जारी, डीएम के निर्देश पर अलर्ट मोड परअधिकारी
टिहरी : टिहरी गढ़वाल में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिलाधिकारी के निर्देश पर सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। जिला आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम से जनपद की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा प्रत्येक तहसील और संबंधित विभागों से नियमित रूप से सूचना ली जा रही है।
टिहरी जिले में लगातार बारिश का सिलसिला जारी
प्रशासन द्वारा सभी उपजिलाधिकारियों, तहसीलदारों, राजस्व टीमों, लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, विद्युत, पेयजल, स्वास्थ्य, पुलिस, एसडीआरएफ तथा अन्य संबंधित विभागों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है, जबकि सड़क मार्गों की स्थिति पर भी लगातार नजर बनाए रखी गई है।
कंट्रोल रूम से 24 घंटे की जा रही मॉनिटरिंग
जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय के अनुसार कंट्रोल रूम से 24 घंटे मॉनिटरिंग की जा रही है। कहीं भी सड़क अवरुद्ध होने, भूस्खलन, पेड़ गिरने या अन्य आपदा संबंधी सूचना मिलने पर संबंधित विभागों को तत्काल मौके पर भेजकर राहत एवं बहाली कार्य शुरू कराया जा रहा है, ताकि आमजन को कम से कम परेशानी हो। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मानसून अवधि के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और प्रत्येक अधिकारी अपने क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए रखे।
खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील
आम जनता से भी अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें तथा प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल जिला आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम या संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को दें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मौसम की स्थिति को देखते हुए आवश्यकतानुसार त्वरित कार्रवाई की जाएगी और जनपद में जनजीवन सामान्य बनाए रखने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।