Uttarakhand
जिम में व्यायाम के दौरान एसओजी जवान की अचानक मौत, पुलिस महकमे में शोक की लहर…
चम्पावत : बनबसा क्षेत्र में शुक्रवार को एक दुखद घटना में एसओजी चम्पावत के जवान गिरीश भट्ट (38) की जिम में व्यायाम के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। उन्हें तत्काल उपचार के लिए खटीमा के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार गिरीश भट्ट पुत्र स्वर्गीय जयदेव भट्ट, निवासी भजनपुर बनबसा, शुक्रवार शाम करीब चार बजे जिम में नियमित व्यायाम कर रहे थे। इसी दौरान उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयास सफल नहीं हो सके।
गिरीश भट्ट एसओजी चम्पावत के तेजतर्रार और कर्तव्यनिष्ठ जवानों में गिने जाते थे। पुलिस के कई महत्वपूर्ण अभियानों में उनकी सक्रिय भूमिका रही थी। उनके आकस्मिक निधन की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वह अपने पीछे पत्नी और दो पुत्रों को छोड़ गए हैं। मूल रूप से पिथौरागढ़ जनपद के निवासी गिरीश भट्ट लंबे समय से बनबसा में रह रहे थे। शनिवार को शारदा घाट श्मशान में उनका अंतिम संस्कार नम आंखों के बीच किया गया। पुलिस अधीक्षक चम्पावत श्रीमती रेखा यादव सहित पुलिस अधिकारियों, जवानों, व्यापार मंडल बनबसा एवं विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। प्रारंभिक तौर पर हृदयाघात को मौत का संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि चिकित्सीय जांच के बाद ही हो सकेगी।