Uttarakhand

जनगणना 2027 की स्व-गणना को लेकर चम्पावत में तैयारियां तेज, 30 नवंबर तक घर बैठे ऑनलाइन दर्ज करें परिवार का विवरण

Published

on



चंपावत : जनगणना 2027 को लेकर चम्पावत जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जनगणना के दूसरे चरण में नागरिकों को घर बैठे ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा दी गई है। इसके तहत 16 से 30 नवंबर तक लोग मोबाइल या लैपटॉप के माध्यम से अपने परिवार का विवरण स्वयं दर्ज कर सकेंगे। इसी को लेकर जिला सभागार में मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

भारत सरकार के गृह मंत्रालय के निर्देशों के क्रम में आयोजित बैठक में स्व-गणना की प्रक्रिया, जनजागरूकता और प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट भेजने को लेकर चर्चा की गई। अपर जिलाधिकारी एवं जिला जनगणना अधिकारी के.एन. गोस्वामी ने सभी विभागों को जनगणना कार्य प्राथमिकता से पूरा करने और आमजन को ऑनलाइन प्रक्रिया की जानकारी देने के निर्देश दिए।

जिला जनगणना समन्वयक भावेश कुमार धीमान ने बताया कि नागरिक आधिकारिक पोर्टल पर जाकर उत्तराखंड राज्य और अपनी पसंद की भाषा चुनकर मोबाइल नंबर का ओटीपी से सत्यापन करेंगे। इसके बाद घर का पता और परिवार के सदस्यों की आवश्यक जानकारी भरकर फॉर्म जमा करना होगा। फॉर्म जमा होने पर मिलने वाली एसई आईडी सुरक्षित रखनी होगी, जिसे प्रगणक के घर पहुंचने पर दिखाना होगा।

प्रशासन के अनुसार एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का सत्यापन और गणना करेंगे। जिन परिवारों ने ऑनलाइन स्व-गणना नहीं की होगी, उनका विवरण प्रगणक मौके पर दर्ज करेंगे। प्रशासन ने जनपदवासियों से 30 नवंबर तक स्व-गणना सुविधा का लाभ उठाने और सही जानकारी दर्ज करने की अपील की है।





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version