Uttarakhand

चम्पावत में नशे के सौदागरों पर पुलिस का बड़ा प्रहार, अक्टूबर में 19 आरोपी गिरफ्तार

Published

on



चम्पावत :  देवभूमि को नशामुक्त बनाने के संकल्प के बीच चम्पावत पुलिस ने नशे के कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। अक्टूबर महीने में एनडीपीएस एक्ट के तहत 11 मुकदमे दर्ज कर 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई में स्मैक, चरस, अफीम से लेकर हजारों नशीले कैप्सूल और टैबलेट बरामद किए गए हैं। वहीं जिलाधिकारी मनीष कुमार ने नशे के खिलाफ अभियान को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय एन-कार्ड समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री और तस्करी पर रोक लगाने के साथ पुलिस कार्रवाई और जनजागरूकता कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नशे के खिलाफ व्यापक प्रचार-प्रसार कर युवाओं और आमजन को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं।

बैठक में पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने कार्रवाई का ब्योरा देते हुए बताया कि अक्टूबर में एनडीपीएस एक्ट के तहत 19 आरोपियों के खिलाफ 11 मुकदमे दर्ज किए गए। बनबसा में पांच, टनकपुर में चार तथा चम्पावत और लोहाघाट में एक-एक मुकदमा दर्ज हुआ। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 165.52 ग्राम स्मैक और हेरोइन, 2 किलो 151 ग्राम चरस, 1 किलो 104 ग्राम अफीम, 2 हजार 770 नशीले कैप्सूल व टैबलेट और 54 इंजेक्शन बरामद किए।

वहीं वर्ष 2026 में अब तक जिले में 495 नाली क्षेत्र में अवैध भांग की खेती नष्ट की जा चुकी है। एसपी ने बताया कि पुलिस द्वारा थानों में जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं। राष्ट्रीय एकता दिवस पर पुलिस और जिला क्रीड़ा विभाग ने गोरलचौड़ मैदान में रन फॉर यूनिटी आयोजित कर बच्चों और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version