Uttarakhand

चम्पावत के नवाचारों और जनकल्याणकारी योजनाओं से प्रभावित हुईं आयुक्त रंजना राजगुरु, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान में किया पौधरोपण….

Published

on

चम्पावत : आयुक्त एवं सचिव, राजस्व परिषद उत्तराखण्ड रंजना राजगुरु के जनपद चम्पावत आगमन पर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने उन्हें पौध गमला भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, नवाचारों और उपलब्धियों को प्रदर्शित करने हेतु विभागीय स्टॉल लगाए गए, जिनका आयुक्त एवं सचिव ने गहन निरीक्षण किया। प्रदर्शनी में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), उद्यान एवं रेशम विभाग, पशुपालन एवं डेयरी विकास विभाग, मत्स्य विभाग, उद्योग विभाग, कृषि विभाग तथा आईसीडीएस सहित विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉलों के माध्यम से योजनाओं, उत्पादों एवं उपलब्धियों की जानकारी प्रस्तुत की। निरीक्षण के दौरान रंजना राजगुरु ने विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि चम्पावत में आजीविका संवर्धन, स्वरोजगार और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की दिशा में सराहनीय प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से पिरुल के नवाचारी उपयोगों की प्रशंसा की तथा लोहाघाट ग्रोथ सेंटर के उद्यमियों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों को स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने वाला कदम बताया।

आयुक्त एवं सचिव ने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों की भी सराहना करते हुए उनके कार्यों को प्रेरणादायी बताया और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उद्यान, कृषि, पशुपालन और मत्स्य पालन जैसे क्षेत्रों में जनपद द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों को ग्रामीण विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण बताया तथा इन प्रयासों को और अधिक प्रभावी बनाने पर बल दिया। कार्यक्रम के उपरांत रंजना राजगुरु ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत कागजी नींबू का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रकृति और पर्यावरण के संरक्षण के लिए जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है तथा पौधरोपण भविष्य की पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version