Uttarakhand
घाट-पनार मार्ग पर टैक्सी पर गिरा बोल्डर, एक की मौत 5 लोग थे सवार
उत्तराखंड : उत्तराखंड के चम्पावत जिले में सोमवार को बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। घाट-पनार मोटर मार्ग पर पहाड़ी से अचानक भारी बोल्डर टैक्सी वाहन के ऊपर जा गिरा। हादसे के वक्त वाहन में पांच लोग सवार बताए जा रहे हैं। बोल्डर की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हुए हैं। इनमें दो घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसा घाट-पनार मोटर मार्ग पर उस वक्त हुआ, जब UK05TA2878 नंबर की टैक्सी सड़क किनारे खड़ी थी। अचानक पहाड़ी से भारी भरकम बोल्डर टूटकर सीधे टैक्सी के ऊपर जा गिरा। बोल्डर गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। पुलिस, राजस्व विभाग, एसडीआरएफ और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर उप जिलाधिकारी नीतू डागर भी मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान की निगरानी की। वहीं स्वास्थ्य विभाग की ओर से तत्काल दो एंबुलेंस मौके पर भेजी गईं। घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसीएमओ डॉ. बलवीर सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीमें सक्रिय कर दी गई थीं और घायलों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई।
घटना के बाद प्रशासन ने राहत-बचाव टीमों को तेजी और सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू पूरा करने के निर्देश दिए हैं। पहाड़ी से बोल्डर गिरने की घटना ने एक बार फिर पहाड़ों में सफर के दौरान बढ़ते भूस्खलन और बोल्डर गिरने के खतरे को सामने ला दिया है। फिलहाल प्रशासन की टीमें मौके पर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।